Explore

Search

March 14, 2026 2:13 am

लक्ष्मण सिंह राणावत ने तिलक में 5.51 लाख रुपये लौटाए,चटावटी गांव में बेटे की शादी में वधू पक्ष को राशि वापस की

राशमी। उपखंड क्षेत्र के चटावटी गांव में एक शादी समारोह के दौरान वर पक्ष ने वधू पक्ष से मिले तिलक में मिले 5 लाख 51 हजार रुपये लौटा दिए। राजसमंद जिले के बेरण गांव से आई बारात में सहायक उप निरीक्षक लक्ष्मण सिंह राणावत ने अपने बेटे के तिलक में मिली यह राशि वापस की। चटावटी निवासी शंकर सिंह चौहान की पुत्री विजयश्री का विवाह राजसमंद के बेरण गांव निवासी सहायक उप निरीक्षक लक्ष्मण सिंह राणावत के पुत्र गोपाल सिंह राणावत से तय हुआ था। बारात के स्वागत के दौरान वधू पक्ष ने वर पक्ष को तिलक एवं दहेज के रूप में 5 लाख 51 हजार रुपये नकद भेंट किए। इस पर वर पक्ष की ओर से लक्ष्मण सिंह राणावत ने मात्र एक रुपये का सिक्का रखकर शेष पूरी राशि सहर्ष लौटा दी। शिक्षाविद् जीवन सिंह चौहान ने राणावत के इस कदम को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में जब विवाह समारोहों में दिखावा और दहेज का चलन बढ़ रहा है, यह पहल एक सकारात्मक संदेश देती है। राणावत ने दर्शाया है कि संस्कार और आदर्श धन-दौलत से कहीं अधिक मूल्यवान हैं। इस कार्य से वधू पक्ष का सम्मान बढ़ा है और समाज को बेटियों वाले परिवारों पर आर्थिक बोझ न डालने की प्रेरणा मिली है। राशमी थानाधिकारी रतन सिंह ने लक्ष्मण सिंह राणावत के इस कार्य को सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ एक सकारात्मक चुनौती करार दिया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह कदम अन्य युवाओं और परिवारों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा। इस पहल की चारों ओर सराहना हो रही है। लोगों का मानना है कि ऐसी सोच दहेज जैसी कुप्रथा को समाप्त करने में सहायक सिद्ध होगी और समाज में सकारात्मक बदलाव लाएगी।

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर