Explore

Search

March 25, 2026 10:20 am

विश्व धरोहर चित्तौड़गढ़ दुर्ग पर ‘रील’ का जुनून: रतन सिंह महल की छत जलाया पेट्रोल

चित्तौड़गढ़। यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल चित्तौड़गढ़ दुर्ग, जो अपनी स्थापत्य कला और गौरवशाली इतिहास के लिए पूरी दुनिया में प्रसिद्ध है, आज सुरक्षा और संरक्षण के गंभीर संकट से जूझ रहा है। रील बनाने के जुनून में कुछ युवाओं ने ऐतिहासिक रतन सिंह महल की छत पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी। घटना का वीडियो सामने आने के बाद दुर्ग की सुरक्षा व्यवस्था और पुरातत्व विभाग की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवालिया निशान लग गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना सोमवार दोपहर की बताई जा रही है। रतन सिंह महल की छत पर आग की लपटें और उठता हुआ धुआं देख वहां मौजूद पर्यटकों ने इस पूरे कृत्य का वीडियो बना लिया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे बेखौफ युवक ऐतिहासिक धरोहर की मर्यादा को तार-तार करते हुए रील बनाने के लिए उसे आग के हवाले कर रहे हैं। पर्यटकों ने इस कृत्य पर अपनी कड़ी नाराजगी भी जाहिर की है।
हैरानी की बात यह है कि घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के 24 घंटे बीत जाने के बाद भी पुरातत्व विभाग और स्थानीय पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इस संवेदनशील मामले पर जब दुर्ग इंचार्ज से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने कॉल रिसीव करना भी जरूरी नहीं समझा। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि धरोहर की सुरक्षा को लेकर जिम्मेदार विभाग इतने उदासीन रहेंगे, तो भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकना असंभव होगा। चित्तौड़गढ़ दुर्ग पर ऐतिहासिक धरोहरों से खिलवाड़ का यह पहला मामला नहीं है। इससे पूर्व भी दुर्ग पर बिना अनुमति के होटलों और व्यावसायिक निर्माणों की खबरें आती रही हैं। जानकारों के अनुसार निर्माण सामग्री ले जाने पर रोक के बावजूद लोग लग्जरी कारों के जरिए गुप्त रूप से सामग्री ढो रहे हैं और व्यावसायिक गतिविधियां चला रहे हैं। पुरातत्व विभाग की मिलीभगत या उदासीनता के चलते इन निर्माणकर्ताओं के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे नियमों को ताक पर रखकर धरोहर का स्वरूप बिगाड़ रहे हैं। इतिहास प्रेमियों और स्थानीय नागरिकों ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

डेस्क/माय सर्कल न्यूज
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज

निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर