चित्तौड़गढ़। जिले के भूपालसागर थाना क्षेत्र के रामाखेड़ा में ग्रामीणों ने चार युवकों पर हमला कर दिया। कंजर समाज के युवकों पर किये हमले में एक युवक की मौत हो गई है। जिस पर मॉब लिंचिंग का आरोप लगाया गया है। जबकि एक व्यक्ति उदयपुर में भर्ती है और दो अन्य युवकों की स्थित ठीक बताई जा रही है। भूपालसागर में हुई घटना एक बार फिर भीड़ द्वारा की गई हिंसा का मामला उभर कर आया है और मॉब लिंचिंग के गंभीर आरोप लगे है। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस को दी रिपोर्ट के अनुसार मंगलवार रात को कपासन के मेवदा कॉलोनी निवासी राजेश कंजर अपने मामा कैलाश, काका जगदीश और चचेरे भाई सत्तु के साथ रात 8 बजे बाईक पर सवार होकर रामाखेड़ा के जंगलों में शिकार के लिए गये थे। शिकार नहीं मिलने पर वे आधी रात करीब डेढ़ बजे वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रामाखेड़ा गांव के पास कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया और देखते ही देखते लाठी डंडे लेकर टूट पड़े। चारों युवकों को बेरहमी से पीटा गया। जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई। पुलिस को सूचना मिलने पर उन्हें अस्पताल पहुंचाया और बाद में चित्तौड़गढ़ व उदयपुर रेफर किया गया। घटना में मंगलवार रात को सत्तु, जगदीश, कैलाश और राजेश कंजर के साथ मारपीट कर उन्हें जबरन बंदी बनाया और रामाखेड़ा ले गये और मंदिर के पास ले जाकर बेरहमी से मारपीट की गई। इस घटना में घायल सत्तु को उदयपुर के महाराणा भूपाल चिकित्सालय ले जाया गया जहां उपचार के दौरान बुधवार को उसकी मौत हो गई। उसके बाद पोस्टमार्टम करवाकर गुरुवार को अंतिम संस्कार किया गया। वहीं एक घायल जगदीश की हालत गंभीर बताई जाती है। जिसके एक हाथ और 6 पसलियों मेें फैैक्चर है। सामूहिक रूप से हमला करने और भीड़ द्वारा एक व्यक्ति को पीट-पीटकर मार देने के मामले में राजस्थान कंजर समाज के जिलाध्यक्ष महेश कंजर ने कड़ा आक्रोश जताया है। उन्होंने बताया कि जगदीश कंजर पहले इन गांवों में चौकीदारी करता था लेकिन वर्तमान में वह कार्य नहीं कर रहा था, लेकिन पुराने संबंधों के कारण उसका आना-जाना था। उन्होंने बताया कि एक अप्रैल की सुबह गांव के जितेन्द्र कंजर और सरपंच पति कैलाश अहीर ने फोन लगाया और पुलिस से भी सूचना मिली कि उनके समाज के लोग उदयपुर अस्पताल में भर्ती है। इसके बाद ही उन्हें जानकारी हो पाई। समाजजनों का कहना है कि पहले भी मेवदा कॉलोनी क्षेत्र के 24 लोगों की भीड़ के द्वारा की गई मारपीट से मौत हो गई है और मारपीट का सत्तु 25वां शिकार था। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करने और भेदभाव मुक्त समाज के तहत इन घटनाओं की पुनर्रावृति रोकने की मांग की है।
ग्रामीणों द्वारा कंजर समाज के लोगों के साथ की गई मारपीट और सत्तु कंजर की मौत होने के बाद उसकी पत्नी की ओर से एफआईआर दी गई है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 109 (1), 115(2), 126(2) और 190 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है वहीं मामले में मौत होने पर हत्या की धाराएं जोड़ दी हैं। हालांकि इस मामले में एफएसएल टीम ने घटना स्थल का मुआयना किया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कपासन डिप्टी हरजी लाल यादव को जांच सौंपी गई है। फिलहाल इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज
निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़