Explore

Search

July 11, 2026 10:34 pm

जिला कलक्टर के प्रस्तावित दौरे को लेकर बेगूं में तैयारी बैठक आयोजित

बेगूं। उपखण्ड क्षेत्र बेगूं में 18 अप्रैल 2026 को प्रस्तावित जिला कलक्टर चित्तौड़गढ़ के दौरे की तैयारियों को लेकर बुधवार को उपखण्ड कार्यालय बेगूं में आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपखण्ड अधिकारी द्वारा की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में विकास अधिकारी पंचायत समिति बेगूं, महिला एवं बाल विकास अधिकारी, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग, एवीवीएनएल तथा कृषि विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान सभी विभागों को वर्ष 2024-25, 2025-26 एवं 2026-27 की बजट घोषणाओं से संबंधित कार्यों की प्रगति रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। साथ ही फ्लैगशिप योजनाओं की अद्यतन स्थिति भी उपलब्ध कराने को कहा गया। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को क्षेत्र में पर्याप्त पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने, पेयजल टंकियों की नियमित सफाई कराने तथा लंबित पाइपलाइन कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही क्षतिग्रस्त पाइपलाइनों के दुरुस्तीकरण पर भी जोर दिया गया। एवीवीएनएल विभाग को क्षेत्र में झूलते हुए बिजली के तारों को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए, ताकि संभावित दुर्घटनाओं से बचाव हो सके। सभी विभागों को अपने-अपने कार्यालयों में साफ-सफाई बनाए रखने तथा पुराने रिकॉर्ड का नियमानुसार निस्तारण करने के निर्देश भी दिए गए। सार्वजनिक निर्माण विभाग को बेगूं बाईपास निर्माण से जुड़े जनसुनवाई प्रकरणों का त्वरित निस्तारण करने, ग्राम पंचायत मण्डावरी में निर्माणाधीन सड़क कार्य शीघ्र पूर्ण करने तथा जोगणिया माता वाया श्रीनगर मार्ग पर गड्ढों की मरम्मत एवं पैचवर्क तत्काल करवाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा सभी विभागाध्यक्षों को अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

महेंद्र धाकड़ बेगूं
Author: महेंद्र धाकड़ बेगूं

महेंद्र धाकड़ चित्तौड़गढ़ के अनुभवी संवाददाता हैं, जो स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों को लोगों तक सटीक और विश्वसनीय तरीके से पहुंचाने में सक्रिय हैं। माय सर्कल न्यूज़ के लिए रिपोर्टिंग करते है। -

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर