चित्तौड़गढ़। जिले के बेगूं-चेची मार्ग पर गुरुवार देर शाम एक रूह कंपा देने वाला सड़क हादसा घटित हुआ। देवरा बावड़ी के पास एक खड़े ट्रैक्टर से बाइक की भीषण भिड़ंत में दो युवक लहूलुहान हो गए। हादसा इतना वीभत्स था कि ट्रैक्टर में लदे टेंट का एक लोहे का पाइप एक बाइक सवार युवक के सीने में गहराई तक धंस गया। दोनों घायलों को नाजुक हालत में प्राथमिक उपचार के बाद उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा बेगूं-चेची रोड स्थित देवरा बावड़ी के समीप हुआ, जहाँ सड़क किनारे एक ट्रैक्टर खड़ा था। इसी दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सीधे ट्रैक्टर के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर तड़पने लगे। हादसे में पुरानी बेगूं निवासी दीपक खटीक के साथ रूह कंपा देने वाली घटना हुई। ट्रैक्टर में टेंट का सामान भरा हुआ था, टक्कर लगते ही टेंट का एक नुकीला लोहे का पाइप दीपक के सीने में अंदर तक घुस गया। वहीं, उसके साथी असलम पठान के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शी इस खौफनाक मंजर को देखकर सहम गए। हादसे की सूचना मिलते ही बेगूं डिप्टी अंजलि सिंह पुलिस जाप्ते के साथ तत्काल मौके पर पहुँचीं। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की सहायता से दोनों घायलों को एम्बुलेंस के जरिए बेगूं उप-जिला चिकित्सालय पहुँचाया। चिकित्सालय में चिकित्सकों ने दीपक खटीक की जान बचाने के लिए कड़ी मशक्कत की और उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत भीलवाड़ा अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल दोनों युवकों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस मामले की जाँच कर रही है।
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज
निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़