चित्तौड़गढ़, (माय सर्कल न्यूज)। मेवाड़ के सुप्रसिद्ध कृष्णधाम श्री सांवलिया सेठ के दरबार में अब भक्ति का स्वरूप और अधिक व्यवस्थित, भव्य और आनंदमयी होने जा रहा है। मंदिर मंडल द्वारा हाल ही में लिए गए कुछ महत्वपूर्ण निर्णयों ने दर्शनार्थियों के लिए सुगम दर्शन की राह आसान कर दी है। छप्पन भोग और अन्य चढ़ावों के स्वरूप में किए गए बदलावों को श्रद्धालु एक सकारात्मक कदम के रूप में देख रहे हैं, जिससे मंदिर में अनुशासन और भक्ति का वातावरण और गहरा होगा। मंदिर प्रशासन का कहना है कि यह फैसला सुचारू दर्शन व्यवस्था के लिए लिया गया हैं। मंदिर प्रशासन का यह निर्णय मुख्य रूप से उस अंतिम कतार में खड़े व्यक्ति को समर्पित है, जो कई देर तक अपनी बारी का इंतजार करता है। पहले, एक छप्पन भोग लगाने की प्रक्रिया में लगभग एक घंटा लग जाता था, जिससे हजारों लोगों की कतार रुक जाती थी। अब इन निजी आयोजनों पर रोक लगने से आम श्रद्धालुओं का प्रवाह निरंतर बना रहेगा। इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि बुजुर्गों और बच्चों को कतारों में होने वाली परेशानी से भी मुक्ति मिलेगी।

सांवलियाजी में श्रद्धालुओं की संख्या अब प्रतिदिन हजारों में पहुँच गई हैं। अब यह समय आम भक्तों के दर्शन के लिए उपयोग होगा। मंदिर प्रशासन ने यह फैसला पवित्रता को बनाए रखने के लिए भी लिया है। बाजार में मिलने वाले मिलावटी मावे और कृत्रिम रंगों वाली मिठाइयों के बजाय, अब मंदिर मंडल द्वारा संचालित काउंटर से शुद्ध बालभोग और राजभोग उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके साथ ही प्लास्टिक मिश्रित मोरपंख और गुलाब की डालियों पर रोक लगाकर मंदिर की स्वच्छता और गर्भगृह की मर्यादा को सुरक्षित किया गया है। श्रद्धालु पहले की तरह दानपात्र में नकदी, सोना, चांदी या अन्य कीमती धातुएं ही भेंट कर सकेंगे। मन्दिर मण्डल प्रशासन के अनुसार वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर यदि कोई भक्त भोग लगाना चाहता है, तो उसे मंदिर मंडल के काउंटर से रसीद कटवाकर आधिकारिक राजभोग का हिस्सा बन सकेंगे। मंदिर मंडल के अध्यक्ष हाजरी दास वैष्णव का कहना हें कि यह निर्णय बड़े मंदिरों जैसे तिरुपति या सिद्धिविनायक की तर्ज पर लिया गया है ताकि प्रबंधन विश्वस्तरीय हो सके।
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज
निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़