Explore

Search

April 26, 2026 7:18 pm

सीबीएन की बड़ी कार्रवाई; घर में छिपाकर रखी 7 किलो अफीम और 130 किलो डोडा-चूरा जब्त, एक गिरफ्तार

चित्तौड़गढ़, माय सर्कल न्यूज। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो  कोटा की टीम ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। शनिवार को चित्तौड़गढ़ जिले के बेगूं तहसील स्थित मडावदा गांव में एक घर पर छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध अफीम और डोडा-चूरा बरामद किया गया। सीबीएन ने इस मामले में एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। सी.बी.एन. कोटा के नरेश बुंदेल डिप्टी नारकोटिक्स कमिश्नर के सुपरविजन एवं अमर सिंह के नेतृत्व में इस कार्यवाही को अंजाम दिया गया। सीबीएन अधिकारियों को पुख्ता सूचना मिली थी कि मडावदा गांव का एक निवासी अपने घर में भारी मात्रा में नशीले पदार्थों का स्टॉक जमा किए हुए है और तस्करी की गतिविधियों में लिप्त है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए सीबीएन कोटा और भवानीमंडी सेल की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया। टीम ने 25 अप्रैल की अलसुबह संदिग्ध के घर पर अचानक दबिश दी। तलाशी के दौरान टीम को आरोपी के विरोध का सामना करना पड़ा। घर की छत पर बने एक कमरे को जब आरोपी ने खोलने से मना कर दिया, तो विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए आयरन गेट कटर मशीन का उपयोग किया। दरवाजा काटकर जब अधिकारी अंदर दाखिल हुए, तो वहां भारी मात्रा में मादक पदार्थ छिपाकर रखे मिले। टीम ने 7 किलो 400 ग्राम अफीम और सीपीएस पद्धति के (बिना चीरा लगाए डोडे) 130 किलो 160 ग्राम अफीम डोडे पकड़ा हैं।नारकोटिक्स विभाग ने बरामद मादक पदार्थों को जब्त कर आरोपी 33 वर्षीय मुकेश गुर्जर निवासी मडावदा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध मादक द्रव्य और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (NDPS Act), 1985 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

डेस्क/माय सर्कल न्यूज
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज

निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर