◆मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार सुनिश्चित करें
चित्तौड़गढ़। जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने सोमवार को जिला परिषद सभागार में जिले के समस्त चिकित्सा अधिकारियों एवं ब्लॉक चिकित्सा अधिकारियों की बैठक लेकर स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में जिले के सभी चिकित्सालयों एवं स्वास्थ्य केन्द्रों पर आमजन को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने कहा कि प्रत्येक मरीज को समय पर एवं प्रभावी उपचार उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केन्द्रों पर आने वाले सभी मरीजों का समुचित उपचार सुनिश्चित किया जाए तथा भर्ती मरीजों की संपूर्ण मेडिकल हिस्ट्री अनिवार्य रूप से दर्ज की जाए, ताकि उपचार अधिक सटीक एवं प्रभावी ढंग से किया जा सके।
बैठक में बाल स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर विशेष चर्चा करते हुए जिला कलक्टर ने बालकों में एनीमिया की समस्या को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए। उन्होंने आयरन डोज वितरण की निर्धारित समय-सारणी का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही आंगनबाड़ी केन्द्रों पर आशा सहयोगिनी, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा बच्चों की नियमित ऊंचाई एवं वजन मापन करवाने के निर्देश दिए, ताकि कुपोषण एवं एनीमिया की समय पर पहचान कर आवश्यक उपचार किया जा सके।
जिला कलक्टर ने टीबी मुक्त भारत अभियान, मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना एवं टीकाकरण कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।
स्वास्थ्य संस्थानों की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने सभी चिकित्सालयों, उप स्वास्थ्य केन्द्रों एवं अन्य राजकीय भवनों में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने जर्जर भवनों का उपयोग नहीं करने तथा आवश्यक मरम्मत एवं रखरखाव कार्य प्राथमिकता से करवाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में जिला कलक्टर ने यह भी निर्देशित किया कि समाचार पत्रों एवं अन्य माध्यमों में प्रकाशित जन समस्याओं का त्वरित संज्ञान लेकर उनका शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके तथा प्रशासन के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हो।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर (भू.अ.) रामचंद्र खटीक, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर ताराचंद गुप्ता सहित संबंधित चिकित्सा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज
निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़