कोलकाता, माय सर्कल न्यूज। चुनौतीपूर्ण बाजार परिस्थितियों के बावजूद बिरला कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2025-26 का समापन रिकॉर्ड सीमेंट बिक्री और मजबूत लाभ वृद्धि के साथ किया। कंपनी का शुद्ध लाभ 558 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 89 प्रतिशत अधिक है। कंपनी की कुल समेकित सीमेंट बिक्री 18.72 मिलियन टन (एमटी) के रिकॉर्ड स्तर पर रही। ब्लेंडेड एवं प्रीमियम सीमेंट की बिक्री में उल्लेखनीय वृद्धि के दम पर यह उपलब्धि हासिल हुई। कंपनी ने पूरे वर्ष 95 प्रतिशत क्षमता उपयोग सुनिश्चित किया, जबकि उद्योग का औसत लगभग 70 प्रतिशत रहा। सीमेंट उत्पादन पहली बार 19 मिलियन टन तक पहुंचा। मार्च में कुंडनगंज लाइन-III के चालू होने से वार्षिक उत्पादन क्षमता 20 मिलियन टन से बढ़कर 21.4 मिलियन टन हो गई। कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी संदीप घोष ने कहा, संचालन दक्षता में निरंतर सुधार और लागत अनुकूलन के बल पर बिरला कॉर्पोरेशन ने प्रीमियम बाजार हिस्सेदारी तथा मूल्य निर्धारण की रणनीति को मजबूती से आगे बढ़ाया। हमने लाभदायक बाजारों में अपनी स्थिति मजबूत रखी और निरंतर उत्कृष्ट परिणाम दिए।
◆ मार्च तिमाही में मजबूत प्रदर्शन
मार्च तिमाही में शुद्ध लाभ 295 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वर्ष की समान अवधि से 15 प्रतिशत अधिक है। सीमेंट बिक्री 4 प्रतिशत बढ़कर 5.45 मिलियन टन हो गई, जो अब तक की सर्वाधिक तिमाही बिक्री है। हालांकि, कमजोर रियलाइजेशन और बिरला जूट मिल्स पर बाहरी प्रभावों से राजस्व लगभग स्थिर 2,875 करोड़ रुपये रहा।
◆प्रीमियम एवं ब्लेंडेड सीमेंट में रिकॉर्ड बिक्री
मार्च तिमाही में प्रीमियम सीमेंट बिक्री 21 प्रतिशत बढ़ी और ट्रेड चैनल की कुल बिक्री का 63 प्रतिशत रही। पूरे वर्ष प्रीमियम सीमेंट की बिक्री 18 प्रतिशत बढ़कर कुल का 61 प्रतिशत हो गई। प्रमुख ब्रांड परफेक्ट प्लस की बिक्री तिमाही में 27 प्रतिशत और वर्ष में 22 प्रतिशत बढ़ी, जबकि यूनिक प्लस की 7 प्रतिशत (तिमाही) एवं 24 प्रतिशत (वर्ष)। ब्लेंडेड सीमेंट तिमाही में 87 प्रतिशत (10 प्रतिशत वृद्धि) और वर्ष में 88 प्रतिशत (11 प्रतिशत वृद्धि) रही। मध्य प्रदेश व महाराष्ट्र में 15-16 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई। इससे लाभप्रदता सुधरी और कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन घटा।
◆लागत नियंत्रण एवं हरित ऊर्जा पर जोर
पेट-कोक कीमतों में 36 प्रतिशत वृद्धि के बावजूद बिजली-ईंधन लागत 4 प्रतिशत घटकर 993 रुपये प्रति टन रही। हरित ऊर्जा उपयोग 25 से 31 प्रतिशत हो गया और व्यापार वितरण लागत में 2 प्रतिशत कमी आई।
◆ आरएमसी व निर्माण रसायन में विस्तार
परफेक्ट प्लस ब्रांड की मजबूती से कंपनी रेडी-मिक्स कंक्रीट (आरएमसी) एवं निर्माण रसायन कारोबार बढ़ा रही है। उत्तर प्रदेश में पांचवीं आरएमसी फैक्ट्री का निर्माण चल रहा है, साथ ही पड़ोसी राज्यों में विस्तार की योजना है।
◆ आउटलुक एवं जूट व्यवसाय
कंपनी के अनुसार, बढ़ती लागत के बीच कीमत वृद्धि प्रयास हो रहे हैं, मगर प्रतिस्पर्धा तीव्र है। भू-राजनीतिक तनाव व मानसून वित्त वर्ष 2026-27 को प्रभावित करेंगे। जूट डिवीजन को कच्चे जूट की कमी से मार्च तिमाही में 12 करोड़ रुपये का नकद घाटा हुआ (पिछले वर्ष 4 करोड़ लाभ), मगर वर्षिक नकारात्मक ईबीआईटीडीए 6.13 करोड़ से घटकर 2.99 करोड़ रहा।
◆ कंपनी परिचय
एमपी बिरला समूह की प्रमुख कंपनी बिरला कॉर्पोरेशन लिमिटेड (1919 में स्थापित) सीमेंट एवं जूट व्यवसाय में सक्रिय है। कंपनी एवं सहायक आरसीसीपीएल देशभर में आठ स्थानों पर 10 सीमेंट संयंत्र संचालित करती हैं, कुल क्षमता 21.4 मिलियन टन। एमपी बिरला सीमेंट ब्रांड के तहत सीमेंट उत्पाद, निर्माण रसायन एवं वॉल पुट्टी का उत्पादन-विपणन किया जाता है।
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज
निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़