चित्तौड़गढ़। सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ में चल रहे अखिल भारतीय आईपीएससी फुटबॉल टूर्नामेंट (अंडर-14 बालक वर्ग) के क्वार्टर फाइनल मुकाबले रोमांच, संघर्ष और उत्कृष्ट खेल कौशल से भरपूर रहे। प्रतियोगिता के चारों मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। मैदान पर खिलाड़ियों का जोश, टीम वर्क और जीत के प्रति जुनून साफ दिखाई दिया। दो मुकाबलों का फैसला पेनल्टी शूटआउट से होने के कारण दर्शकों में अंत तक उत्साह बना रहा। स्कूल के जनसंपर्क अधिकारी बाबूलाल शिवरान ने बताया कि टूर्नामेंट के पहले क्वार्टर फाइनल मुकाबले में ताशी नामग्याल अकादमी, गंगटोक और डीपीएस आर के पुरम, नई दिल्ली के बीच बेहद कांटे की टक्कर देखने को मिली। मैच के दौरान दोनों टीमों ने शानदार आक्रमण और मजबूत रक्षण का प्रदर्शन किया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें बराबरी पर रहीं और कोई भी टीम निर्णायक बढ़त नहीं बना सकी। इसके बाद मुकाबले का फैसला पेनल्टी शूटआउट से किया गया, जिसमें ताशी नामग्याल अकादमी, गंगटोक के खिलाड़ियों ने संयम और सटीकता का परिचय देते हुए 4-3 से जीत दर्ज की। इस जीत के साथ टीम ने शानदार अंदाज में सेमीफाइनल में प्रवेश किया। दूसरे क्वार्टर फाइनल मुकाबले में मेयो कॉलेज, अजमेर और द लॉरेंस स्कूल के बीच रोमांचक संघर्ष देखने को मिला। मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों ने तेज गति और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। मैदान पर खिलाड़ियों ने कई शानदार मूव्स और गोल करने के अवसर बनाए, लेकिन निर्धारित समय तक मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ। इसके बाद पेनल्टी शूटआउट में द लॉरेंस स्कूल के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 4-2 से जीत दर्ज की और सेमीफाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित की। तीसरे मुकाबले में मॉडर्न स्कूल, नई दिल्ली और एमराल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल, इंदौर आमने-सामने रहे। यह मुकाबला शुरुआत से ही बेहद प्रतिस्पर्धात्मक रहा। दोनों टीमों ने लगातार आक्रमण करते हुए गोल करने के कई प्रयास किए। मैच के दौरान दर्शकों को तेज रफ्तार और रोमांचक फुटबॉल देखने को मिली। अंततः मॉडर्न स्कूल, नई दिल्ली ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 2-1 से जीत हासिल की और सेमीफाइनल में प्रवेश किया। टीम की जीत में खिलाड़ियों की सामूहिक रणनीति और अनुशासित खेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
चैथे क्वार्टर फाइनल मुकाबले में मेजबान सैनिक स्कूल, चित्तौड़गढ़ ने द संस्कार वैली स्कूल, भोपाल पर पूरी तरह दबदबा बनाए रखा। घरेलू दर्शकों के उत्साहवर्धन के बीच सैनिक स्कूल के खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। टीम ने शानदार तालमेल, तेज पासिंग और मजबूत डिफेंस का प्रदर्शन करते हुए मुकाबला 3-0 से अपने नाम किया। मेजबान टीम की इस शानदार जीत ने दर्शकों को उत्साहित कर दिया और टीम ने दमदार अंदाज में सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज
निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़