Explore

Search

July 11, 2026 10:39 pm

सिस्टम की संवेदनहीनता: जिला अस्पताल से रेफर घायल एक घंटे तक पोर्च में स्ट्रेचर पर तड़पे, नहीं मिली सरकारी एम्बुलेंस, निजी से भेजना पड़ा

चित्तौड़गढ़, माय सर्कल न्यूज, सलमान। श्री साँवलिया जी के दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं से भरी एक निजी बस अलसुबह बागुण्ड गांव के पास पलट गई थी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। लेकिन इस हादसे से भी ज्यादा झकझोर देने वाली तस्वीर जिला अस्पताल से सामने आई है, जहां सिस्टम की संवेदनहीनता के कारण दो गंभीर रूप से घायल युवक एक घंटे तक स्ट्रेचर पर तड़पते रहे।

आस्था के सफर पर निकले श्रद्धालुओं को क्या पता था कि आगे उनके साथ इतनी बड़ी अनहोनी होने वाली है। चित्तौड़गढ़ के सिक्स लेन नेशनल हाईवे पर बागुण्ड गांव के पास आज अल सुबह करीब साढ़े 5 बजे श्रद्धालुओं से भरी एक निजी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 20 से अधिक लोग घायल हुए, जिन्हें तुरंत जिला अस्पताल लाया गया। लेकिन जिला अस्पताल पहुंचने के बाद जो हुआ, उसने अस्पताल प्रबंधन के दावों की पोल खोलकर रख दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल दो युवकों को डॉक्टरों ने उदयपुर के लिए रेफर कर दिया। लेकिन रेफर करने के बाद अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड के बाहर बने पोर्च में दोनों घायलों को स्ट्रेचर पर लिटा दिया गया। दर्द से कराहते ये दोनों युवक पूरे एक घंटे तक अस्पताल के पोर्च में 108 एम्बुलेंस का इंतजार करते रहे। इस दौरान गंभीर रूप से घायल अमित दर्द से तड़पते हुए बार-बार गुहार लगाता रहा कि कोई एम्बुलेंस मंगवा दो… लेकिन जिला अस्पताल में एक भी 108 एम्बुलेंस समय पर नहीं पहुंच सकी। आलम यह था कि एक घंटे तक दो लोग हाथ में ड्रिप की बोतल थामे बेबस खड़े रहे। अस्पताल प्रशासन की इस भारी लापरवाही और एम्बुलेंस के न पहुंचने के बाद मामला प्रशासनिक अधिकारियों तक पहुंचा। एडीएम दिनेश धाकड़ के तुरंत हस्तक्षेप के बाद आनन-फानन में निजी एम्बुलेंस बुलाई गई और करीब एक घंटे बाद दोनों गंभीर घायलों को अलग-अलग निजी एम्बुलेंस से उदयपुर के लिए रवाना किया गया। इस पूरे मामले पर जब जिला अस्पताल के पीएमओ डॉ. दिनेश वैष्णव से सवाल किया गया, तो उन्होंने अपनी सफाई में कहा अस्पताल प्रशासन की तरफ से तुरंत सूचना दे दी गई थी, लेकिन 108 एम्बुलेंस समय पर नहीं पहुंची। इसकी वजह से देरी हुई और बाद में घायलों को निजी एम्बुलेंस से उदयपुर रेफर किया गया। वही इस मामले में एडीएम दिनेश धाकड़ ने कहा कि आगे इस तरह की लापरवाही ना हो इसके लिए ठोस कदम उठाएं जाएंगे। आपको बता दे कि आज सुबह एक निजी बस चित्तौड़गढ़ से श्री साँवलिया जी दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं को।ले जा रही थी तभी बागुण्ड गांव के पास हाइवे पर बस पलट गई जिससे 20 से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए और एक की मौत हो गई थी।

डेस्क/माय सर्कल न्यूज
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज

निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर