
बेगूं। मादक पदार्थ तस्करों और अवैध कमाई के खिलाफ चित्तौड़गढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आदतन तस्कर की करीब 50 लाख रुपये मूल्य की चल-अचल संपत्ति को फ्रीज कर दिया है। पुलिस महानिरीक्षक उदयपुर रेंज के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत पारसोली थाना पुलिस ने यह कार्रवाई करते हुए तस्करी से अर्जित संपत्तियों पर शिकंजा कसा है।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के आदेशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भगवत सिंह हिंगड़ के निर्देशनमे तथा वृत्ताधिकारी बेगूं अंजली सिंह के सुपरविजन में पारसोली थाना पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी कमलेश कुमार गुर्जर उम्र 29 निवासी लुहारिया थाना पारसोली जिला चित्तौड़गढ़ के खिलाफ मादक पदार्थ तस्करी के गंभीर प्रकरण दर्ज हैं। उसके खिलाफ पूर्व में थाना नगाणा जिला बाड़मेर में प्रकरण संख्या 42/2024 तथा थाना पारसोली जिला चित्तौड़गढ़ में प्रकरण संख्या 64/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट के गंभीर मामले दर्ज हैं। जांच के दौरान यह सामने आया कि आरोपी ने तस्करी के अवैध धंधे से लाखों रुपये की बेनामी संपत्ति खड़ी की थी।
मामले की जांच के बाद पारसोली पुलिस ने आरोपी की अवैध संपत्तियों को फ्रीज करने संबंधी विस्तृत प्रस्ताव सक्षम प्राधिकारी प्रशासक सेफम (एफओपी) एवं एनडीपीएस अधिनियम, नई दिल्ली को भेजा था। दिल्ली स्थित सक्षम प्राधिकारी द्वारा सुनवाई के बाद पुलिस के प्रस्ताव को स्थायी स्वीकृति प्रदान की गई।
स्वीकृति मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए करीब 50 लाख रुपये मूल्य की संपत्तियों को फ्रीज कर दिया। जब्त संपत्तियों में पटवार हल्का ईटावा क्षेत्र की कृषि भूमि, ग्राम लुहारिया स्थित आवासीय भवन तथा एक स्कॉर्पियो और एक क्विड कार शामिल हैं।
तस्कर से जब्त की गई संपत्तियां
कृषि भूमि – पटवार हल्का ईटावा के खाता नंबर 78, खसरा नंबर 438, 440, 441, 442, 443 (कुल किता 5, कुल रकबा 4.6370 हेक्टेयर) में से कमलेश गुर्जर का हिस्सा।
आवासीय मकान – ग्राम पंचायत ईटावा के गांव लुहारिया में स्थित आवासीय भवन (पट्टा बुक संख्या 447, पट्टा संख्या 50), जो भैरूलाल पिता नन्दा जी गुर्जर के नाम दर्ज है।
लक्जरी गाड़ियां
1. स्कोर्पियो कार
2. क्विड कार
▪️ कुल अनुमानित मूल्य लगभग 50 लाख रुपये
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।
Author: महेंद्र धाकड़ बेगूं
महेंद्र धाकड़ चित्तौड़गढ़ के अनुभवी संवाददाता हैं, जो स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों को लोगों तक सटीक और विश्वसनीय तरीके से पहुंचाने में सक्रिय हैं। माय सर्कल न्यूज़ के लिए रिपोर्टिंग करते है। -