Explore

Search

June 9, 2026 12:37 am

बढ़ती महंगाई ने तोड़ी आमजन की कमर, मोदी सरकार जवाब दे- जाड़ावत

चित्तौड़गढ़। पूर्व राज्यमंत्री सुरेंद्रसिंह जाड़ावत ने घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी तथा जीएसटी लागू होने के बाद आवश्यक वस्तुओं के बढ़ते दामों को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है।

जाड़ावत ने कहा कि एक ओर घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दामों में फिर से 29 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है, वहीं पिछले तीन महीनों में गैस सिलेंडर 89 रुपये महंगा हो चुका है। इससे पहले से ही महंगाई की मार झेल रहे मध्यम वर्ग, मजदूर, किसान और गरीब परिवारों का घरेलू बजट पूरी तरह बिगड़ गया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने महंगाई कम करने का वादा कर सत्ता हासिल की थी, लेकिन आज रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल, खाद्य सामग्री और दैनिक उपयोग की वस्तुओं के बढ़ते दामों ने आम जनता का जीवन मुश्किल बना दिया है।

सुरेंद्रसिंह जाड़ावत ने जीएसटी व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार द्वारा जीएसटी लागू करते समय जनता को सस्ते सामान और आसान कर व्यवस्था का सपना दिखाया गया था, लेकिन आज स्थिति इसके विपरीत है। विभिन्न रिपोर्टों के अनुसार पिछले 90 दिनों में अनेक आवश्यक वस्तुओं के दाम लगातार बढ़े हैं और उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है।

उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई के कारण आम परिवारों की बचत समाप्त हो रही है, व्यापार प्रभावित हो रहा है तथा युवाओं और कर्मचारियों की आय के मुकाबले खर्च तेजी से बढ़ रहे हैं। केंद्र सरकार महंगाई नियंत्रण में पूरी तरह विफल साबित हुई है।

जाड़ावत ने मांग की कि केंद्र सरकार तत्काल घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में राहत दे, पेट्रोल-डीजल पर करों में कमी करे तथा आवश्यक उपभोक्ता वस्तुओं की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए ठोस कदम उठाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

डेस्क/माय सर्कल न्यूज
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज

निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर