Explore

Search

June 11, 2026 12:35 am

योग प्रशिक्षकों का योग दिवस तक योग गतिविधियों के बहिष्कार का निर्णय

चित्तौड़गढ़। फूल टाइम नियुक्ति एवं वेतनवृद्धि की अपनी बहुप्रतिक्षित मांग पर कोई सकारात्मक निर्णय नहीं होने के चलते आयुर्वेद योग प्रशिक्षक आगामी 11 जून से 21 जून अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस तक योग गतिविधियों के बहिष्कार कर अपना विरोध जताएंगे। अखिल राजस्थान योग प्रशिक्षक महासंघ द्वारा बहिष्कार की सूचना को लेकर जिला कलेक्टर व आयुर्वेद विभाग चित्तौड़गढ़ के अतिरिक्त निदेशक को ज्ञापन भी सौंपा गया।
ज्ञापन में बताया गया कि राष्ट्रीय आयुष मिशन के अंतर्गत लगभग 3700 महिला, पुरुष योग प्रशिक्षक पिछले 5 वर्षों से राजकीय आयुर्वेद औषधालयों पर पार्ट टाईम सेवाएँ दे रहे हैं। महिला योग प्रशिक्षक 5 हजार व पुरुष प्रशिक्षक मात्र 8 हजार रुपये के अल्पमानदेय को लेकर पिछले काफी समय से वेतनवृद्धि की मांग कर रहे हैं। इसके लिए कई बार शांतिपूर्ण आंदोलन, धरना प्रदर्शन भी किये गये और मुख्यमंत्री, आयुष मंत्री एवं विभागीय अधिकारियों को कई बार ज्ञापन दिये गये थे किन्तु कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। एक बार फिर अपना विरोध दर्शाते हुए समस्त योग प्रशिक्षकों द्वारा 11 जून से 21 जून योग दिवस तक कार्य बहिष्कार किया जाएगा। महासंघ द्वारा कार्मिक के भविष्य एवं परिवार की सुरक्षा को देखते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिये जाने की मांग की।
इस दौरान प्रदेश सचिव एवं जिलाध्यक्ष शुभम कुमार चंदेल, तेजप्रकाश, गंगासिंह, देवेन्द्रसिंह, राहुल सिंह, प्रमोद कुमार, अभिषेक, कान्ता कुमारी, शांति छीपा, करूणा, आशा जाट, शर्मिला शर्मा विकास कुमारी सहित कई योग प्रशिक्षक मौजूद रहे।

महेंद्र धाकड़ बेगूं
Author: महेंद्र धाकड़ बेगूं

महेंद्र धाकड़ चित्तौड़गढ़ के अनुभवी संवाददाता हैं, जो स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों को लोगों तक सटीक और विश्वसनीय तरीके से पहुंचाने में सक्रिय हैं। माय सर्कल न्यूज़ के लिए रिपोर्टिंग करते है। -

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर