Explore

Search

June 15, 2026 12:43 am

विश्व विरासत चित्तौड़गढ़ दुर्ग पर अवैध निर्माणाधीन दो मंजिला होटल ध्वस्त, सुबह 4 बजे शुरू हुई कार्यवाही, अतिक्रमियों में मच हड़कंप

चित्तौड़गढ़, माय सर्कल न्यूज। विश्व प्रसिद्ध ऐतिहासिक धरोहर और यूनेस्को की विश्व विरासत सूची में शुमार चित्तौड़गढ़ दुर्ग पर आखिरकार अवैध निर्माण के खिलाफ प्रशासन का कड़ा डंडा चल गया है। रविवार अलसुबह भारी पुलिस जाब्ते और प्रशासनिक अमले की मौजूदगी में दुर्ग परिसर में पुरातत्व विभाग की जमीन पर अवैध रूप से बनाई जा रही एक दो मंजिला होटल को मलबे में तब्दील कर दिया गया। इस बड़ी कार्रवाई से दुर्ग क्षेत्र में अवैध निर्माण करने वाले भू-माफियाओं और अतिक्रमियों में हड़कंप मच गया है। सूत्रों के अनुसार, पिछले दिनों चित्तौड़गढ़ कलेक्ट्रेट में दुर्ग पर हो रहे अवैध अतिक्रमण को लेकर एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में जिला कलेक्टर डॉ. मंजू ने सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिए थे कि पुरातत्व विभाग की जमीन पर अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज की जाए और निर्माण को ध्वस्त किया जाए। कलेक्टर के आदेश के बाद पुरातत्व विभाग के अधिकारी ने चित्तौड़गढ़ शहर कोतवाली में नामजद मामला दर्ज कराया था। कार्रवाई को पूरी तरह गोपनीय और शांतिपूर्ण रखने के लिए प्रशासन ने रविवार अलसुबह 4 बजे का समय चुना। प्रशासनिक अमला अपने पूरे लाव-लश्कर के साथ दुर्ग पहुंचा। किसी भी प्रकार के विरोध और कानून व्यवस्था बिगड़ने की स्थिति से निपटने के लिए दुर्ग के संबंधित कार्यक्षेत्र के सभी रास्तों को सील कर भारी पुलिस जाब्ता तैनात कर दिया गया। मौके पर 10 जेसीबी, 8 ट्रेक्टर और 3 ब्रेकर मशीनें लगाकर अवैध दो मंजिला निर्माणाधीन होटल को ढहाने का काम शुरू किया गया।
पुरातत्व विभाग के अधिकारी मनोज द्विवेदी ने बताया कि विभाग के संरक्षित क्षेत्र में नियमों को ताक पर रखकर यह अतिक्रमण किया गया था, जिसे लेकर पूर्व में नोटिस भी जारी किया गया था। उन्होंने जिला प्रशासन का आभार जताते हुए कहा राजस्थान में यह अपनी तरह की पहली और ऐतिहासिक कार्रवाई है, जहाँ पुरातत्व विभाग की जमीन से इस स्तर पर अतिक्रमण हटाया गया है। अगर इसी तरह त्वरित कार्रवाई होती रही, तो हमारी राष्ट्रीय और सांस्कृतिक धरोहरें अपने मूल स्वरूप में सुरक्षित रह सकेंगी। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, साल 2020 के बाद से चित्तौड़गढ़ दुर्ग पर करीब 8 से 10 अवैध रेस्टोरेंट और होटलों के निर्माण की बात सामने आई है। इस संबंध में आगामी कार्रवाई के लिए दिल्ली स्थित भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण मुख्यालय को पत्र लिखा गया है। उच्च स्तरीय स्वीकृति मिलते ही दुर्ग पर बने अन्य अवैध कमर्शियल निर्माणों और होटलों पर भी बहुत जल्द प्रशासन का बुलडोजर चल सकता है।

कार्रवाई के दौरान मौके पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर भूमि अव्याप्ति, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसडीएम, तहसीलदार सहित नगर परिषद और पुरातत्व विभाग के आला अधिकारी मौजूद रहे।

डेस्क/माय सर्कल न्यूज
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज

निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर