Explore

Search

June 26, 2026 8:50 pm

जिला कलक्टर ने रात्रि चौपाल में ग्रामीणों से किया सीधा संवाद, समस्याओं के समाधान के दिए निर्देश

चित्तौड़गढ़। जिला कलक्टर डॉ. मंजू की अध्यक्षता में भैंसरोड़गढ़ पंचायत समिति की ग्राम पंचायत बोराव में गुरुवार को आयोजित रात्रि चौपाल जनसंवाद और जनसमस्याओं के समाधान का प्रभावी मंच बनी। चौपाल में जिला कलक्टर ने ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याएं सुनी तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

रात्रि चौपाल के दौरान जिला कलक्टर ने विद्यार्थियों, युवाओं एवं ग्रामीणों को प्रेरित करते हुए कहा कि मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने से सफलता निश्चित रूप से प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व, लक्ष्य निर्धारण और जीवन में अच्छे संस्कार अपनाने का संदेश दिया।

इस अवसर पर विद्यालय में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों तथा विद्यालय भवन की छत निर्माण एवं अन्य विकास कार्यों में सहयोग देने वाले भामाशाहों का सम्मान किया गया। जिला कलक्टर ने विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

चौपाल में जिला कलक्टर ने मंगला पशु बीमा योजना के तहत पॉलिसी का वितरण किया। जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, चिकित्सा सुविधा, पुलिया निर्माण, सीसी रोड, स्पीड ब्रेकर, राजस्व रिकॉर्ड शुद्धिकरण, भूमि विवाद, बिजली कनेक्शन एवं रास्तों से संबंधित समस्याएं रखीं। जिला कलक्टर ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए।

रात्रि चौपाल में मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद विनय पाठक, अतिरिक्त जिला कलक्टर रावतभाटा राजलक्ष्मी गहलोत, बेगूं उपखंड अधिकारी अंकित सामरिया, तहसीलदार विवेक गरासिया, विकास अधिकारी ग्यारसी लाल मीणा सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी, पुलिस विभाग के कार्मिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

डेस्क/माय सर्कल न्यूज
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज

निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर