
चित्तौड़गढ़, माय सर्कल न्यूज। अंजुमन मिल्लत इस्लामिया संस्थान के तत्वावधान में मुस्लिम समाज के होनहारों और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं के लिए दूसरा प्रतिभा सम्मान समारोह प्रियदर्शिनी इंदिरा गांधी ऑडोटोरियम में अत्यंत गरिमापूर्ण माहौल में आयोजित किया गया।
अन्जुमन प्रवक्ता अहसान पठान ने बताया कि कार्यक्रम में शिक्षा जगत में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए छात्रों-छात्राओं, सरकारी सेवाओं और खेल जगत में कौम का नाम रोशन करने वाली विभूतियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर उत्साहवर्धन किया गया।
समारोह में अध्यक्षता वयोवृद्ध समाजसेवी सैयद दौलत अली, मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री व डीडवाना विधायक यूनुस खान, अतिविशिष्ट अतिथि चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या तथा विशिष्ट अतिथि कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रमोद शिशोदिया, पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह जाड़ावत, मोटिवेशनल स्पीकर दौलत खान, नगरपरिषद कुचामन के पूर्व चेयरमैन आरिफ खान, नगरपरिषद चित्तौड़गढ़ के पूर्व चेयरमैन रमेशनाथ योगी, युआईटी के पूर्व चेयरमैन प्रेम प्रकाश मूंदड़ा, फादर जॉनी पी.अब्राहम, तेजपाल सिंह शक्तावत इत्यादि मौजूद रहे।


भव्य समारोह में मुस्लिम समाज के 135 होनहार छात्र-छातों को सम्मानित किया गया जिन्होंने कक्षा 10वीं और 12वीं में 60% से लेकर 90% से अधिक अंक हासिल कर टॉप किया है इसके साथ ही राजकीय सेवाओ में चयनित होकर समाज का मान बढ़ाने वाले युवाओं और खेल जगत में राष्ट्रीय व राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाले खिलाड़ियों को स्मृति चिह्न देकर उनकी हौसला अफज़ाई की गई एवं अन्जुमन के पूर्व सदर मोहम्मद हारून छिपा को समाज सेवा में सराहनीय योगदान के लिए लाइफ टाइम एचीवमेंट एवार्ड से सम्मानित किया गया।मोहम्मद अहसान अशरफी द्वारा अन्जुमन स्कूल का प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया तथा सैय्यद इरशाद अली द्वारा अन्जुमन मिल्लते इस्लामिया संस्थान द्वारा समाज हित में किए जा रहे सामाजिक एवं शैक्षणिक कार्यो एवं भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी गई। अन्जुमन प्रवक्ता ने बताया कि इससे पूर्व अन्जुमन पब्लिक स्कूल में कायमखां स्मृति कम्प्यूटर लेब एवं ई लाइब्रेरी में 10 अतिरिक्त कम्प्यूटर मय फर्नीचर, विस्तारित हाईटेक नर्सरी एवं एलकेजी यूकेजी कक्षा हेतु अत्याधुनिक फर्नीचर एवं खेल कूद सामग्री को पूर्व मंत्री यूनुस खान द्वारा स्कूल के बच्चों को समर्पित किया गया एवं दरगाह हजरत चलफिर शाह एवं दरगाह सरदार अहमद अशरफी की जियारत करते हुए चादर पेश की गई तथा मुल्क में अम्नो अमान की दुआए की गई।
प्रतिभा सम्मान समारोह में दादा कायमखां स्मृति अनुसंधान एवं विकास संस्था की ओर से अंजुमन स्कूल को एक शानदार सौगात दी गई संस्था के संरक्षक पूर्व मंत्री यूनुस खान ने स्कूल परिसर में एक भव्य हॉल बनाने की घोषणा की। इसके साथ ही राजस्थान कायमखानी महासभा एवं दादा कायमखां स्मृति अनुसंधान एवं विकास संस्था द्वारा वयोवृद्ध समाज सेवी सैय्यद दौलत अली को सिक्को से तौल कर, रजत मुकुट धारण करा, अभिनन्दन किया गया तथा अंजुमन के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों का साफा पहनाकर व इस्तकबाल कर सम्मान किया गया तथा राजस्थान कायमखानी महासभा के जिलाध्यक्ष अल्लानूर खान पूर्व लेखाधिकारी द्वारा महासभा द्वारा अन्जुमन पब्लिक स्कूल में किए गए कार्यो का उल्लेख करते हुए भविष्य में महासभा द्वारा प्रस्तावित योजनाओं की जानकारी दी गई। इस अवसर पर अंजुमन सरपरस्त मोहम्मद खान कायमखानी, सदर मोहम्मद इकबाल गुलशन, सेक्रेटरी सैयद इरशाद अली साहब, कैशियर अल्लानूर खान, सैय्यद इरफान अली, रफीक खान, अंजुमन पब्लिक स्कूल सदर मोहम्मद एहसान अशरफी, स्कूल सेक्रेटरी गुलाम रसूल खान समेत कई मुस्लिम समाज के कई गणमान्य नागरिक उपस्थिति रहे। कार्यक्रम का संचालन सुमंत सुवालका एवं गुलाम रसूल खान द्वारा किया गया।
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज
निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़