Explore

Search

June 29, 2026 11:32 pm

ग्रामीणों को मिला योजनाओं का सीधा लाभ, हाथों हाथ बांटे गए पट्टे

बेगूं। राज्य सरकार के निर्देशानुसार सोमवार को ग्राम पंचायत धामंचा में ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया गया। 
शिविर में मौजूद विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की पात्रता और लाभ लेने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। 
इसके साथ ही पंचायत समिति बेगूं की 31 ग्राम पंचायतों में ग्राम सभाओं का भी आयोजन हुआ, जिसमें प्रधानमंत्री आवास योजना की नई सूचियों का अनुमोदन किया गया।
शिविर के दौरान धामंचा निवासी हरलाल पिता शोला ने आवासीय पट्टे के लिए आवेदन किया था। ग्राम पंचायत द्वारा मौके पर ही नियमानुसार कागजी प्रक्रिया पूरी कर लाभार्थी को उनके पुश्तैनी मकान का पट्टा सौंप गया। योजना के तहत शिविर में 11 ग्रामीणों के व्यक्तिगत शौचालय के आवेदन प्राप्त हुए, जिन्हें हाथों हाथ स्वीकृति प्रदान की गई। इसके अलावा 10 मैजिक पिट (सोखता गड्ढा) भी स्वीकृत किए गए।
शिविर को संबोधित करते हुए विकास अधिकारी सुरेश गिरी गोस्वामी ने कहा इस तरह के शिविरों का मुख्य उद्देश्य प्रशासन को सीधे गांवों तक पहुंचाना और आमजन को त्वरित राहत प्रदान करना है। हमारा प्रयास है कि हर पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभ बेहद सरल और पारदर्शी तरीके से मिल सके।
सोमवार को ही पंचायत समिति बेगूं के अंतर्गत आने वाली 31 ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का भी आयोजन किया गया। इन बैठकों में प्रधानमंत्री आवास योजना की नई वरीयता सूचियों का सर्वसम्मति से अनुमोदन किया गया। प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बनाए रखने के लिए ग्राम सभाओं में उपस्थित सरपंचों, वार्ड पंचों और ग्रामीणों के सामने इन सूचियों को विशेष रूप से पढ़कर सुनाया गया।
इस अवसर पर तहसीलदार गोपाल जीनगर, विधायक प्रतिनिधि शम्भुलाल धाकड़, भाजपा मण्डल अध्यक्ष मदन गोपाल धाकड़ और लीला शंकर धाकड़ सहित ब्लॉक स्तर के कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

महेंद्र धाकड़ बेगूं
Author: महेंद्र धाकड़ बेगूं

महेंद्र धाकड़ चित्तौड़गढ़ के अनुभवी संवाददाता हैं, जो स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों को लोगों तक सटीक और विश्वसनीय तरीके से पहुंचाने में सक्रिय हैं। माय सर्कल न्यूज़ के लिए रिपोर्टिंग करते है। -

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर