Explore

Search

July 20, 2026 11:18 pm

जिला कांग्रेस कमेटी की जिला कार्यसमिति की बैठक आयोजित


चित्तौड़गढ़। जिला कांग्रेस कमेटी चित्तौड़गढ़ की जिला कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रमोद सिंह सिसोदिया की अध्यक्षता में एवं मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष व जिला संगठन प्रभारी हगामी लाल मेवाड़ा रहे।  बैठक राजीव गांधी भवन, चित्तौड़गढ़ में आयोजित हुई। बैठक में एजेंडा के सभी बिंदुओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया तथा सर्वसम्मति से आवश्यक प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक में जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों, ब्लॉक अध्यक्षों एवं नगर अध्यक्षों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए अपने सुझाव एवं विचार रखे।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रमोद सिंह सिसोदिया ने सभी पदाधिकारियों से संगठन द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारियों का पूर्ण निष्ठा एवं समयबद्ध तरीके से निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन में अनुशासन, सक्रियता एवं आपसी समन्वय ही कांग्रेस की सबसे बड़ी शक्ति है। प्रत्येक पदाधिकारी को जनता के बीच निरंतर सक्रिय रहकर पार्टी की नीतियों एवं जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से पहुंचाना होगा। बैठक के मुख्य अतिथि प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी हगामी लाल मेवाड़ा ने नवनियुक्त जिला कार्यकारिणी को बधाई देते हुए कहा कि आज के समय में वही राजनीतिक कार्यकर्ता सफल होगा जो जनता के बीच जाकर निरंतर कार्य करेगा। जनता सब कुछ समझ रही है और केवल जनसेवा करने वालों को ही स्वीकार करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के प्रत्येक पदाधिकारी को अपनी जिम्मेदारी को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के लिए पूरी सक्रियता से कार्य करना होगा।

बैठक में वरिष्ठ उपाध्यक्ष अहसान पठान ने जिला अध्यक्ष की अनुमति से विभिन्न संगठनात्मक जिम्मेदारियों एवं आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए पदाधिकारियों को उनके दायित्वों से अवगत कराया।

संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण के तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए जिला कांग्रेस के एक-एक उपाध्यक्ष को विधानसभा प्रभारी, प्रत्येक ब्लॉक के लिए जिला महासचिव को प्रभारी तथा सचिवों को मंडल प्रभारी नियुक्त किए जाने की जानकारी भी दी गई, ताकि संगठन की गतिविधियों का प्रभावी संचालन एवं नियमित अनुश्रवण सुनिश्चित हो सके।

बैठक में प्रदेश सचिव हनुमंत सिंह बोहेड़ा, कांग्रेस सेवादल जिला मुख्य संगठन गौतम विजयवर्गीय, कोषाध्यक्ष प्रमोद मोदी, उपाध्यक्ष गोपाललाल आंजणा, सुभाष शारदा, उत्सव भानावत, महासचिव दिनेश अहीर, निर्मल जैन, ब्लॉक अध्यक्ष नारायण जाट, ममतेश शर्मा, कालूलाल भील सहित अनेक पदाधिकारियों ने संगठनात्मक विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए। बैठक का संचालन जिला कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव दिनेश चाष्टा ने किया।
अहसान पठान वरिष्ठ उपाध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी चित्तौड़गढ़

डेस्क/माय सर्कल न्यूज
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज

निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर