
चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ जिला कारागृह की सुरक्षा व्यवस्था की सरेआम पोल खुल गई है। जेल के भीतर से तीन ऐसे वीडियो सामने आए हैं, जिन्होंने जेल प्रशासन में हड़कंप मचा दिया है। सलाखों के पीछे कैदी सजा नहीं काट रहे, बल्कि बाकायदा दावत उड़ा रहे हैं, नशा कर रहे हैं और नाच-गा रहे हैं। चित्तौड़गढ़ जिला जेल में परिंदा भी पर नहीं मार सकता… जेल प्रशासन के इस दावे की धज्जियां उड़ाते ये वीडियो अब इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। गुरुवार शाम को सामने आए इन तीन वीडियो ने सिस्टम पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पहले वीडियो में आप देख सकते हैं कि करीब एक दर्जन बंदी आराम से एक साथ बैठकर भोजन कर रहे हैं। दूसरे वीडियो में कुछ बंदी कथित तौर पर नशा करते दिखाई दे रहे हैं। वहीं तीसरे वीडियो में ये सभी कैदी किसी खौफ के बिना एक साथ नाचते हुए जश्न मना रहे हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह पूरा वीडियो खुद एक बंदी अपने एंड्राइड मोबाइल से सेल्फी मोड में रिकॉर्ड कर रहा है। वीडियो में मौज उड़ाते दिख रहे ये कैदी कोई छोटे-मोटे अपराधी नहीं हैं। ये सभी बहुचर्चित अजयराज सिंह हत्याकांड से जुड़े आरोपी बताए जा रहे हैं। इनमें गंगरार पुलिस थाने के हिस्ट्रीशीटर ईश्वरसिंह डेट, भैरू झुपड़ा और हर्षवर्धन सिंह सहित कई अन्य चेहरे शामिल हैं। गौरतलब है कि पिछले साल एक जून को बजरी विवाद के चलते रिटायर्ड एएसआई के बेटे अजयराज सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस केस में दो दर्जन से ज्यादा आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जो अब जेल में ऐश कर रहे हैं। चित्तौड़गढ़ जेल में इससे पहले भी चेकिंग के दौरान छोटे मोबाइल मिलते रहे हैं, जिन पर केस भी दर्ज हुए। लेकिन इस बार जेल के अंदर एंड्राइड स्मार्टफोन और संभवतः नशे की खेप पहुंचना सुरक्षा में एक बहुत बड़ी चूक है। नशे बाजी और सेल्फी वीडियो की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है, लेकिन इन तस्वीरों ने जेल अधिकारियों को कटघरे में खड़ा कर दिया है। सवाल यह है कि आखिर हाई सिक्योरिटी के बीच ये सामान अंदर पहुंचा कैसे..? अब देखना होगा कि उच्च अधिकारी इस मामले में क्या एक्शन लेते हैं और किन जिम्मेदारों पर गाज गिरती है।
◆ जिला जेल प्रशासन ने लिया एक्शन
सूत्रों की माने तो वीडियो वायरल होने के बाद जिला जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। वीडियो 23 जुलाई शाम को वीडियो वायरल होने की बात सामने आ रही हैं। वीडियो वायरल के बाद जेल प्रशासन ने सभी बैरक की तलाशी ली जहां दो मोबाइल मिले हैं। वही जेल प्रशासन ने वायरल वीडियो में दिख रहे 8 लोगों के विरुद्ध नामजद रिपोर्ट कोतवाली पुलिस थाना में दर्ज की गई हैं। इस मामले में वीडियो में नजर आ रहा मोहित निवासी रोहतक, हर्षवर्धन सिंह राजपूत निवासी सिंहाना, भैरू लाल गुर्जर निवासी दोलाजी का खेड़ा गंगरार, ईश्वर सिंह राजपूत निवासी डेट, सत्यनारायण गुर्जर निवासी तरेसथा गंगरार, प्रहलादराय गुर्जर निवासी मायरा, बिजयपुर, शोभालाल निवासी तरेसथा और विनोद गुर्जर निवासी कान्याखेड़ी के विरूद्ध एफआईआर दर्ज की गई है।
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज
निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़