Explore

Search

July 28, 2026 11:52 pm

मानसून प्रतिबंध के बावजूद बस्सी में बजरी का काला कारोबार, थाने के बाहर सहित चौराह पर दौड़ते वाहनों से उठे सवाल ?

बस्सी, माय सर्कल न्यूज (गोपाल खटीक)। मानसून की शुरुआत हो चुकी है और प्रदेश सरकार नदियों में पानी भरा होने के कारण बजरी को लेकर सख्त रूख अपनाये हुए है। दो महीनों के लिए बजरी निकासी पर प्रतिबंध लगाया हुआ है, लेकिन चित्तौड़गढ़ के बस्सी क्षेत्र में बजरी का काला कारोबार धड़ल्ले जारी है। पुलिस थाने के बाहर निकलने वाले दर्जनों डंपर, ट्रैक्टर पुलिस की कार्य प्रणाली पर सवाल खड़े कर रहे है।‌पुलिस अधीक्षक की सख्ती के बावजूद रोज निकलने वाले दर्जनों डंपर प्रशासन को मुंह चिढ़ाते नजर आ रहे है।

जानकारी के अनुसार प्रतिदिन अवैध बजरी के ट्रैक्टर खुलेआम बाजारों से होते हुए सड़कों पर दौड़ रहे है। कस्बे के सोनगर मार्ग, शोकिया-दहीखेड़ा, सारण-घोसुंडी सहित मोरटंकी और बस्सी-भीलवाड़ा मार्ग पर रोज दर्जनों वाहन दौड़ते नजर आते है, लेकिन पुलिस हो या खनन विभाग कोई कार्यवाही नहीं कर रहा है। जिससे जिम्मेदार प्रशासन पर सवाल उठ रहे है ?

दाम बढ़े, माफिया कूट रहे चांदी-
जहां सरकार ने बजरी पर प्रतिबंध लगाया है। वहीं अवैध बजरी का कारोबार करने वाले माफिया चांदी कूटने में लगे है। पहले 5 हजार में आना वाला ट्रैक्टर अब 7 हजार में और ट्रेलर, डंपर 36 से 40 हजार तक बेचा जा रहा है। कथित तौर पर माफियाओं और सरकारी कार्मिको के गठजोड़ के चलते इनके खिलाफ कार्यवाही नहीं हो पा रही है। आपको बता दें कि अवैध बजरी को लेकर हाल ही में पारसोली, बेंगू, राशमी, शंभुपूरा सहित अन्य थानों में पुलिस ने ट्रैक्टर, डंपर जब्त कर कार्रवाई की है, लेकिन बस्सी‌ में ऐसा लगता है कि कार्रवाई करने वाला नहीं या जिम्मेदार अनजान बनकर बैठे है।

हादसे का सताता है डर-
भीलवाड़ा जिले और साड़ास सहित अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाले बजरी के वाहनों का रास्ता बस्सी से होकर बिजयपुर, राजगढ़, नीमच, कनेरा तक जाता है, लेकिन इसे लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। इधर जिला कलक्टर और पुलिस अधीक्षक ने अवैध खनन और बजरी पर लगाम लगाने के निर्देश दिये है, लेकिन निचले स्तर पर आदेशों की अवहेलना देखी जा रही है। बजरी के वाहन अलसुबह 3 से 5 बजे के बीच सड़कों पर ज्यादा दौड़ते है और ट्रैक्टरों का आंतक दिनभर रहता है। बस्सी के मुख्य बाजार में घुमने वाले लोगों ने जिला प्रशासन से अवैध बजरी व अवैध खनन पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं बता दें कि अधिकतर वाहन बिना नंबर के सड़कों पर दौड़ रहे है, यह भी चर्चा का विषय है।

डेस्क/माय सर्कल न्यूज
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज

निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर