Explore

Search

September 23, 2026 10:15 am

दो सांडों की लड़ाई को छुड़ाना पड़ा भारी, व्यक्ति को सींगों से उठाकर पटका, अस्पताल में तोड़ा दम

चित्तौड़गढ़। आवारा मवेशियों के आतंक से आमजन लगातार आहत है। आए दिन सांडों की आपसी लड़ाई और आवारा मवेशियों के भगदड़ से वाहनों के क्षतिग्रस्त होने और लोगों के घायल होने के कई मामले सामने आते है लेकिन आज चंदेरिया थाना क्षेत्र में सांडों की लड़ाई में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने सांडों को भगाकर युवक को मुक्त कराया लेकिन जिला सांवलिया चिकित्सालय में उपचार के दौरान युवक के प्राण पखेरू उड़ गये।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना चंदेरिया थाना क्षेत्र के रोलाहेड़ा गांव की है। जहां बीती रात करीब 8 बजे सड़क पर आपस में सांड लड़ रहे थे। देर तक सांडों के आपसी लड़ाई से जाम लग गया और लोगों का सड़क पार करना भी मुश्किल हो गया। इस दौरान 39 वर्षीय मदनलाल पुत्र कालूलाल भील ने लकड़ी से सांडों को भगाने की कोशिश की तो सांड बिफर गये और मदन लाल को सिंगों पर उठाकर कई बार पटका जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे चिल्लाता देख आसपास के लोग एकत्र हो गए और लाठियों के सहारे सांडों को मौके से भगाया।
घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गये और तुरंत घायल मदनलाल को चिकित्सालय पहुंचाया जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। इधर ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि दिनभर बड़ी संख्या में आवारा मवेशी और सांड विचरण करते है और रात के समय यह समस्या और भी बढ़ जाती है। आए दिन वाहन इनसे टकराकर क्षतिग्रस्त होते है और राहगीर चोटिल हो जाते है। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक के एक छोटा बच्चा है और खेती बाड़ी कर परिवार का गुजर बसर कर रहा था।

डेस्क/माय सर्कल न्यूज
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज

निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर