Explore

Search

August 7, 2026 2:51 am

मरजीवी में सड़क और पेयजल संकट से फूटा ग्रामीणों का आक्रोश

निंबाहेड़ा। पंचायत समिति निंबाहेड़ा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मरजीवी के अंतर्गत आने वाले विभिन्न मोहल्लों में वर्षों से बनी सड़क एवं पेयजल जैसी मूलभूत समस्याओं को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश अब खुलकर सामने आ गया है। गुरुवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण एकजुट होकर प्रशासन के समक्ष पहुंचे और जनहित से जुड़ा विस्तृत शिकायत पत्र सौंपते हुए शीघ्र समाधान की मांग की। ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने समय रहते समस्याओं का स्थायी निराकरण नहीं किया तो उन्हें लोकतांत्रिक तरीके से जनआंदोलन का सहारा लेना पड़ेगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत मरजीवी की नई आबादी सहित कई मोहल्ले आज भी सड़क, पेयजल एवं जल निकासी जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। बरसात शुरू होते ही गांव के प्रमुख मार्ग दलदल और कीचड़ में तब्दील हो जाते हैं। जगह-जगह जलभराव होने से पैदल चलना भी जोखिम भरा हो गया है। सबसे अधिक परेशानी विद्यालय जाने वाले छोटे बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों एवं मरीजों को उठानी पड़ रही है। कई बार बच्चों को कीचड़ और गंदे पानी से होकर विद्यालय पहुंचना पड़ता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

ग्रामीणों ने कहा कि गांव की बदहाल सड़कें विकास के दावों की पोल खोल रही हैं। बारिश के दौरान कई मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो जाते हैं, जिससे दैनिक आवागमन प्रभावित होता है। आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने में भी भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

पेयजल समस्या पर ग्रामीणों ने बताया कि गांव में स्थायी एवं पर्याप्त जलापूर्ति व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों को दूर-दराज़ से पानी लाना पड़ रहा है। कई परिवार निजी टैंकरों एवं अन्य वैकल्पिक साधनों पर निर्भर रहने को मजबूर हैं। गर्मी और बरसात दोनों मौसम में यह समस्या लगातार गंभीर बनी हुई है।

ग्रामीणों ने शिकायत पत्र में आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों को कई बार लिखित एवं मौखिक रूप से अवगत कराने के बावजूद आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि सरकार के दो वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बावजूद गांव की मूलभूत समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं, जबकि विकास कार्यों के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि पीपल चौक से राजाराम आंजना समाज नोहरा तक, मानसिंह के मकान से नई आबादी के मुख्य मार्ग सहित सभी प्रभावित रास्तों का शीघ्र सीसी सड़क निर्माण कराया जाए, स्थायी पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा जल निकासी के लिए समुचित नालियों का निर्माण कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके और बच्चों सहित आमजन सुरक्षित आवागमन कर सकें।
ग्रामीणों ने कहा कि यदि शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो गांववासी लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक जनआंदोलन करने को बाध्य होंगे।

इस दौरान कमल आर्य, गणपत रैगर, नारायण रैगर, हीरालाल रैगर, रतनलाल रैगर, दयाराम रैगर, श्यामलाल हरिजन, किशनलाल रैगर, कालूलाल रैगर, प्रवीण शर्मा, प्रकाश सुथार, मयूर लोहार, विशाल लोहार, मोहन सेन, गोपाल गुर्जर, गणेश भील, रमेश भील, शंभू मीणा, प्रभु मीणा, भगत भील, प्रकाश सुथार, सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने प्रशासन से जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सड़क एवं पेयजल समस्या का तत्काल स्थायी समाधान कराने की मांग की।

डेस्क/माय सर्कल न्यूज
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज

निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर