
चित्तौड़गढ़, माय सर्कल न्यूज। नगर निकाय चुनाव का बिगुल बजने के साथ ही चित्तौड़गढ़ नगर परिषद के वार्डों में चुनावी हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस और भाजपा ने अपने-अपने संभावित प्रत्याशियों के नामों पर मंथन शुरू कर दिया है। वहीं, इस बार एआईएमआईएम ने भी चुनावी मैदान में उतरने की रणनीति बनाई है। पार्टी नगर परिषद के 60 वार्डों में से करीब 22 वार्डों में अपने उम्मीदवार उतारने की तैयारी में है। ऐसे में कई वार्डों में कांग्रेस-भाजपा के बीच होने वाला मुकाबला त्रिकोणीय हो सकता है।
सूत्रों के अनुसार एआईएमआईएम की ओर से कुछ संभावित नामों पर चर्चा चल रही है। इनमें वार्ड नंबर 39 से नाजिम खान, वार्ड 40 से जायदा मेव और एडवोकेट आरिफ, वार्ड 41 से अजहर नागौरी तथा वार्ड 52 से शब्बीर नागौरी के नाम शामिल बताए जा रहे हैं। हालांकि अंतिम प्रत्याशियों के नामों पर पार्टी स्तर पर निर्णय और नामांकन के दौरान स्थिति स्पष्ट होने की संभावना है।
एआईएमआईएम के एक साथ 22 वार्डों में उम्मीदवार उतारने की रणनीति ने कांग्रेस और भाजपा दोनों की चुनावी गणित को प्रभावित करने की संभावनाएं बढ़ा दी हैं। खासकर उन वार्डों में मुकाबला दिलचस्प हो सकता है, जहां जीत का अंतर कम रहता आया है।
इधर भाजपा ने भी संभावित उम्मीदवारों को लेकर कसरत शुरू कर दी है। वहीं कांग्रेस में जयपुर में आलाकमान के साथ हुई बैठक के बाद संगठनात्मक एकजुटता और गुटबाजी पर लगाम लगाने की कवायद तेज होने की उम्मीद है। पार्टी के स्थानीय नेताओं और संभावित प्रत्याशियों की सक्रियता भी बढ़ गई है।

कांग्रेस और भाजपा के कई दावेदार अपने-अपने मजबूत और सुरक्षित माने जाने वाले वार्डों पर फोकस कर रहे हैं। लेकिन एआईएमआईएम की 22 वार्डों में चुनाव लड़ने की तैयारी से दोनों प्रमुख दलों के सामने नए समीकरण बन सकते हैं।
अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि अंतिम रूप से कौन-कौन से उम्मीदवार मैदान में उतरते हैं। यदि एआईएमआईएम अपने तय प्लान के मुताबिक 22 वार्डों में प्रत्याशी उतारती है, तो चित्तौड़गढ़ नगर परिषद का चुनाव कई वार्डों में त्रिकोणीय मुकाबले के चलते खासा रोचक हो सकता है।
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज
निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़