Explore

Search

August 22, 2026 5:43 am

भामाशाहों के सहयोग से विद्यालयों में बेहतर सुविधाओं का विकास, जिला कलक्टर ने किया सम्मानित

चित्तौड़गढ़। जिले के राजकीय विद्यालयों में शैक्षणिक एवं आधारभूत सुविधाओं के विकास में जनसहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने शुक्रवार को अपने कक्ष में जिले के विभिन्न ब्लॉकों से आए विद्यालय विकास में उल्लेखनीय सहयोग करने वाले 11 भामाशाहों का सम्मान किया। जिला कलक्टर ने सभी भामाशाहों का पगड़ी एवं दुपट्टा पहनाकर अभिनंदन किया तथा विद्यालयों एवं विद्यार्थियों के हित में किए गए उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने कहा कि सरकारी विद्यालयों के विकास में जनसहभागिता की महत्वपूर्ण भूमिका है। समाज के सक्षम एवं जागरूक लोग आगे आकर विद्यालयों के लिए सहयोग करते हैं तो इससे विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होने के साथ-साथ विद्यालयों के प्रति समाज की जिम्मेदारी एवं जुड़ाव भी मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि भामाशाहों द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किया गया सहयोग विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान है।

उन्होंने भामाशाहों का आह्वान किया कि वे भविष्य में भी इसी प्रकार विद्यालयों के विकास में सहयोग करते रहें तथा अपने आसपास के अन्य लोगों को भी शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि जनसहयोग की यह भावना जिले के अन्य विद्यालयों के लिए भी प्रेरणादायी बनेगी।

सहयोग की भावना को मिलेगा प्रोत्साहन

जिला कलक्टर ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा प्राप्त करने का स्थान नहीं हैं, बल्कि ये समाज के भविष्य को तैयार करने के केंद्र हैं। विद्यालयों में आवश्यक सुविधाओं का विकास, विद्यार्थियों के लिए संसाधनों की उपलब्धता तथा सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण तैयार करने में समाज के सहयोग से उल्लेखनीय परिवर्तन लाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि जिले में विद्यालयों के विकास के लिए सहयोग करने वाले भामाशाहों एवं दानदाताओं को प्रोत्साहित करने की पहल आगे भी जारी रखी जाएगी, ताकि अधिक से अधिक लोग शिक्षा के क्षेत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।

भामाशाहों ने साझा किए अपने अनुभव

सम्मान समारोह के दौरान भामाशाहों ने विद्यालय एवं विद्यार्थियों के हित में किए गए अपने सहयोग के अनुभव साझा किए तथा जिला प्रशासन की ओर से सम्मानित किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की।
कपासन ब्लॉक के देवीलाल जाट ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने स्वप्रेरणा से अपने क्षेत्र के विद्यार्थियों की शिक्षा एवं शैक्षणिक गुणवत्ता को बेहतर बनाने के उद्देश्य से टेबलेट वितरित किए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराने से उनकी पढ़ाई में निश्चित रूप से सहायता मिलती है।
डूंगला ब्लॉक के भगवत सिंह झाला ने बताया कि उन्होंने अपने पुत्र की स्मृति में तलावदा विद्यालय में मुख्य द्वार का निर्माण करवाया। उन्होंने कहा कि शिक्षा एवं विद्यालय के विकास के लिए सहयोग करना उनके लिए समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का एक माध्यम है।
राशमी ब्लॉक के श्री भगवान लाल सुथार ने बताया कि उन्होंने स्वप्रेरणा से भीमगढ़ विद्यालय में कमरों की छतों की मरम्मत करवाने के साथ-साथ शौचालयों का निर्माण करवाया, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर एवं सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सके।
भामाशाहों ने कहा कि विद्यालयों के विकास एवं विद्यार्थियों की आवश्यकताओं के लिए सहयोग करना समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी है और वे भविष्य में भी अपनी क्षमता के अनुसार सहयोग के लिए तत्पर रहेंगे। उन्होंने जिला कलक्टर की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सम्मान से सहयोग करने वाले लोगों का उत्साह बढ़ता है तथा समाज के अन्य लोग भी शिक्षा एवं विद्यालय विकास के लिए आगे आने के लिए प्रेरित होते हैं।

जिले के विभिन्न ब्लॉकों से आए भामाशाहों का सम्मान

सम्मान समारोह में जिले के विभिन्न ब्लॉकों से विद्यालय विकास में सहयोग करने वाले भामाशाहों एवं प्रतिनिधियों का सम्मान किया गया।

– बेगूं समस्त ग्रामवासी एवं समिति सदस्य
– बड़ीसादड़ी देवीलाल मीणा
– भदेसर भेरूलाल खरोल
– चित्तौड़गढ़ धर्मेन्द्र सिंह
– डूंगला भगवत सिंह झाला
– गंगरार ईश्वर कुमार कोचिटा
– कपासन देवीलाल जाट
– राशमी भगवान लाल सुथार
– निम्बाहेडा अशोक धाकड़ एवं मानसिंह चैहान

शिक्षा विभाग ने भी जताया आभार

इस अवसर पर मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद दशोरा ने विद्यालयों के विकास में सहयोग करने वाले सभी भामाशाहों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जन सहयोग से विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए बेहतर वातावरण एवं आवश्यक सुविधाएं विकसित करने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में समाज की सक्रिय भागीदारी से विद्यालयों की आधारभूत सुविधाओं के साथ-साथ विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास को भी नई गति मिलती है।
डाइट के प्रधानाचार्य राजेंद्र कुमार शर्मा एवं जिला शिक्षा अधिकारी मुख्यालय माध्यमिक शिक्षा घनश्याम गॉड सहित शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं विद्यालयों के शिक्षकों ने भी भामाशाहों के योगदान की सराहना की। इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, संबंधित अधिकारी एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

महेंद्र धाकड़ बेगूं
Author: महेंद्र धाकड़ बेगूं

महेंद्र धाकड़ चित्तौड़गढ़ के अनुभवी संवाददाता हैं, जो स्थानीय और राष्ट्रीय समाचारों को लोगों तक सटीक और विश्वसनीय तरीके से पहुंचाने में सक्रिय हैं। माय सर्कल न्यूज़ के लिए रिपोर्टिंग करते है। -

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर