Explore

Search

September 15, 2026 9:32 pm

राशमी में साइबर जागरूकता शिविर,छात्रों को ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय बताए गए

राशमी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चित्तौड़गढ़ के निर्देश पर तालुका विधिक सेवा समिति, राशमी ने गुरुवार को एक विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया। यह शिविर राशमी स्थित सांवरिया कंप्यूटर सेंटर में संपन्न हुआ।

शिविर का संचालन पैरा लीगल वॉलंटियर (पीएलवी) लालू राम वैष्णव ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि वर्तमान में साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं।

वैष्णव ने फर्जी केवाईसी लिंक, बिजली बिल अपडेट, नौकरी के नाम पर फर्जी फॉर्म भरवाने और क्यूआर कोड स्कैन के माध्यम से होने वाली ठगी से बचाव के तरीके बताए। उन्होंने छात्रों को किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी या आधार नंबर साझा न करने की सलाह दी। साथ ही, किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचने को कहा।

पीएलवी ने साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल की जाने वाली कार्रवाई के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 और वेबसाइट cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने की विस्तृत प्रक्रिया समझाई।

कार्यक्रम के समापन पर सांवरिया कंप्यूटर सेंटर के संचालक शंकर लाल अहीर ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, तालुका विधिक सेवा समिति राशमी और पीएलवी लालू राम वैष्णव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि युवाओं में साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे।

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर