
राशमी। (शंभू लाल आचार्य) राशमी के पुठवाडिया गांव में शुक्रवार रात हड़कंप मच गया। यहां रिहायशी इलाके में 10 फीट लंबा अजगर घुस आया। रात करीब 10:30 बजे अंधेरे में अजगर को रेंगते देख ग्रामीणों में डर फैल गया और मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई।
ग्रामीणों ने समझदारी दिखाते हुए अजगर को मारने के बजाय तुरंत वन विभाग और वन्यजीव संरक्षण टीम को सूचना दी। खबर मिलते ही वन्यजीव प्रेमी हरलाल सिंह कच्छावा और वन विभाग की रेस्क्यू टीम जरूरी सामान के साथ रात में ही मौके पर पहुंच गई।
भीड़ ज्यादा होने से अजगर घबराया हुआ था, जिससे उसे पकड़ने में परेशानी आ रही थी। टीम ने पहले भीड़ को पीछे हटाकर इलाके को सुरक्षित किया। इसके बाद करीब आधे घंटे की कोशिश के बाद रेस्क्यू किट की मदद से अजगर को बिना नुकसान पहुंचाए सुरक्षित पकड़ लिया।
अजगर को पकड़ने के बाद जांच की गई, जिसमें वह पूरी तरह स्वस्थ मिला। इसके बाद वन विभाग के कहने पर उसे आबादी से दूर जंगल में छोड़ दिया गया। अजगर के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों को राहत मिली और उन्होंने टीम की तारीफ की।
वन्यजीव प्रेमी हरलाल सिंह कच्छावा ने ग्रामीणों से अपील की है। उन्होंने कहा कि रिहायशी इलाके में सांप या अजगर दिखने पर घबराएं नहीं। उसे मारने या छेड़ने की कोशिश न करें। बच्चों को उससे दूर रखें और तुरंत वन विभाग या प्रशिक्षित बचाव दल को सूचना दें।