

चित्तौड़गढ़/मण्डफिया। मेवाड़ के आराध्य और लाखों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र प्रसिद्ध कृष्णधाम श्री सांवलियाजी मण्डफिया सोमवार को जलझूलनी एकादशी के पावन अवसर पर भक्ति के रंग में रंग गया। शंखनाद, वैदिक मंत्रोच्चार और सांवरिया सेठ के जयकारों के बीच भगवान सांवरिया सेठ के तीन दिवसीय वार्षिक जलझूलनी एकादशी मेले का भव्य शुभारंभ हुआ। दोपहर में भगवान के बाल स्वरूप को चांदी के रथ में विराजमान कर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में निकली शोभायात्रा के दौरान पूरा मण्डफिया धाम जय कन्हैया लाल की, जय सांवरिया सेठ की” और हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की के जयघोष से गूंजता रहा।
◆ शंखनाद और मंत्रोच्चार से गूंजा मंदिर परिसर
जलझूलनी एकादशी के पावन अवसर पर दोपहर में सांवलियाजी वैदिक विद्यालय के आचार्य एवं विद्यार्थियों ने मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार एवं शंखनाद किया। धार्मिक परंपरा और विधि-विधान के साथ भगवान सांवरिया सेठ की शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ। शंखनाद और वैदिक मंत्रों की गूंज ने पूरे मंदिर परिसर को भक्तिमय बना दिया।
◆ बाल स्वरूप के दर्शन को उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
पुजारी द्वारा भगवान सांवरिया सेठ के बाल स्वरूप को मंदिर से बाहर लाकर बेवाण में विराजमान किया गया। विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती के बाद बेवाण को चांदी के छोटे रथ में विराजमान किया गया। जैसे ही सांवरिया सेठ चांदी के रथ में विराजमान हुए, श्रद्धालुओं में उत्साह और उल्लास की लहर दौड़ गई।
श्रद्धालुओं ने रंग-गुलाल उड़ाते हुए भगवान की अगवानी की। “जय श्री सांवरिया सेठ”, “जय कन्हैया लाल की” और “हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की” के जयकारों से मण्डफिया धाम गुंजायमान हो उठा।
◆ हाथी-घोड़े, ऊंट और झांकियों ने बढ़ाई शोभा
भव्य शोभायात्रा में बैंड-बाजे, धार्मिक धुनें, हाथी-घोड़े, ऊंट, आकर्षक झांकियां, ध्वज-निशान और भजन मंडलियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। पारंपरिक वेशभूषा में श्रद्धालु भजनों पर झूमते हुए और सांवरिया सेठ के जयकारे लगाते हुए शोभायात्रा में शामिल हुए।
चांदी का रथ शोभायात्रा का प्रमुख आकर्षण रहा। निर्धारित पारंपरिक मार्ग से होती हुई शोभायात्रा रात्रि करीब 8 बजे पुनः मंदिर पहुंची। मंदिर पहुंचने पर भगवान सांवरिया सेठ की भव्य अगवानी की गई। मंदिर चौक के आगे आतिशबाजी के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान का स्वागत किया।
◆ फूलों से महका और रोशनी से जगमगाया धाम
जलझूलनी एकादशी मेले को लेकर मुख्य मंदिर सहित पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक पुष्प सज्जा, चित्र सज्जा और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है। भव्य साज-सज्जा से सांवलियाजी धाम का धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्वरूप और निखर उठा है। मंदिर परिसर में दर्शन के लिए पहुंच रहे श्रद्धालु सजावट को भी निहारते नजर आए। इस अवसर पर मंदिर मंडल अध्यक्ष हजारी दास वैष्णव, मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिनेश धाकड़, मंदिर मंडल के सदस्य, अधिकारी-कर्मचारी एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज
निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़