चित्तौड़गढ़। जिले के भैंसरोडगढ़ थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन में चलाई जा रही मुहिम के तहत पुलिस टीम ने नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध किया सेल्टोस कार से 290 किलोग्राम से अधिक अवैध अफीम डोडा चूरा जब्त किया है। साथ ही गाड़ी से 3 अलग-अलग नंबरों की फर्जी नंबर प्लेट्स भी बरामद हुई हैं। चित्तौड़गढ़ पुलिस को यह सफलता भैंसरोडगढ़ थाना क्षेत्र के भुंजर घाटे पर नाकाबंदी के दौरान मिली। पुलिस की स्पेशल टीम जब वाहनों की चेकिंग कर रही थी, तभी एक संदिग्ध कार आती दिखाई दी। पुलिस को देखते ही चालक ने गाड़ी को भुंजर गांव की तरफ मोड़कर भगाने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने तुरंत पीछा किया, जिसके बाद भुंजर घाटे की चढ़ाई पर कार बंद हो गई। मौका पाकर कार चालक और उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाते हुए पास के जंगलों में फरार हो गए। पुलिस ने इलाके में सघन तलाशी अभियान भी चलाया, लेकिन आरोपियों का सुराग नहीं लग सका। जब पुलिस ने गाड़ी की तलाशी ली, तो उसमें से 290 किलोग्राम 210 ग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा बरामद हुआ। इसके अलावा गाड़ी के अंदर से 3 अलग-अलग फर्जी नंबरों की कुल 6 नंबर प्लेटें भी मिलीं। भैंसरोडगढ़ पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर फरार तस्करों की तलाश और मामले में अग्रिम जांच शुरू कर दी है।
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज
निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़