Explore

Search

October 8, 2026 4:37 am

चंबल पुलिया से किशोरी ने नदी में लगाई छलांग, अंधेरा होने से रेस्क्यू रोका

◆ स्कूटी पुलिया पर खड़ी कर नदी में कूदी, सिविल डिफेंस के गोताखोरों ने करीब एक घंटे चलाया तलाशी अभियान

रावतभाटा। भैंसरोड़गढ़ स्थित चंबल पुलिया से बुधवार शाम एक किशोरी ने नदी में छलांग लगा दी। घटना के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही भैंसरोड़गढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सिविल डिफेंस के गोताखोरों को बुलाकर किशोरी की तलाश शुरू करवाई। करीब एक घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाया गया, लेकिन किशोरी का पता नहीं चल सका। अंधेरा होने के कारण अभियान रोकना पड़ा। गुरुवार सुबह कोटा से एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंचकर तलाश अभियान शुरू करेगी । प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार किशोरी स्कूटी से रावतभाटा की तरफ से चंबल पुलिया पर पहुंची। उसने पुलिया पर स्कूटी खड़ी की और नदी में छलांग लगा दी। पास स्थित होटल पर मौजूद लोगों ने आवाज सुनकर मौके पर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी, लेकिन तब तक किशोरी नदी में ओझल हो चुकी थी । जानकारी के अनुसार किशोरी की पहचान 17 वर्षीय प्रांजल उर्फ प्राची पुत्री ललित गर्ग निवासी इंदिरा कॉलोनी के रूप में हुई है। वह राजकीय बालिका विद्यालय में कक्षा 12वीं की छात्रा थी। बताया गया कि स्कूल से घर लौटने के बाद उसने अपनी नानी ओंकारी बाई से प्रोजेक्ट बनाने के लिए सामान लेने की बात कही थी। इसके बाद वह कुछ देर पड़ोसी के यहां रुकी और पड़ोसी की स्कूटी लेकर चंबल पुलिया पहुंच गई।जानकारी मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गोपाल सिंह कानावत, तहसीलदार नारायण प्रसाद व्यास, नायब तहसीलदार अनिल धाकड़ भैंसरोड़गढ़ थाना अधिकारी कमलचंद मीणा भी मौके पर पहुंचे। पुलिया पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। सिविल डिफेंस के गोताखोरों ने नदी में करीब एक घंटे तक तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।किशोरी की नानी ने बताया कि उसके पिता ललित गर्ग विदेश में एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं, जबकि मां उदयपुर के एक निजी स्कूल में शिक्षिका हैं। किशोरी लंबे समय से अपनी नानी के साथ रह रही थी।

◆ फेंसिंग और ऊंची रेलिंग की मांग फिर उठी

घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने चंबल पुलिया की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई। लोगों का कहना था कि पुलिया पर पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं। कई बार पुलिया पर फेंसिंग कराने अथवा रेलिंग की ऊंचाई बढ़ाने की मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक इस दिशा में प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। लोगों ने प्रशासन से पुलिया पर सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग की।

डेस्क/माय सर्कल न्यूज
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज

निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर