Explore

Search

October 8, 2026 4:34 am

सीबीईओ ने केजीबीवी विजयपुर का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं की मौके पर की समीक्षा

चित्तौड़गढ़। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, चित्तौड़गढ़ द्वारा बुधवार को कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी) टाइप-4, विजयपुर का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में बालिकाओं की उपस्थिति, आवासीय व्यवस्था, भोजन, स्वच्छता, सुरक्षा, पेयजल एवं शैक्षणिक सुविधाओं की मौके पर विस्तृत समीक्षा की गई। निरीक्षण के समय विद्यालय में 84 बालिकाएं उपस्थित मिलीं। सीबीईओ ने बालिकाओं से सीधे संवाद कर उनकी दिनचर्या, अध्ययन एवं विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। बालिकाओं की समस्याओं एवं शिकायतों की जानकारी के लिए गरिमा पेटी का अवलोकन किया गया, जिसमें कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई।

भोजन व्यवस्था की जांच के दौरान बालिकाओं को निर्धारित मेनू के अनुसार भोजन उपलब्ध कराया जाना पाया गया। खाद्य सामग्री की उपलब्धता एवं गुणवत्ता का भी निरीक्षण किया गया। शैक्षणिक व्यवस्थाओं के तहत डिजिटल लेब  का अवलोकन किया गया, जहां सभी कंप्यूटर चालू एवं उपयोग योग्य पाए गए। इस दौरान सीबीईओ ने बालिकाओं को नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित करते हुए शिक्षा के महत्व, अनुशासन तथा जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

बालिकाओं की सुरक्षा व्यवस्था के तहत विद्यालय परिसर में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच की गई, जिसमें सभी कैमरे चालू पाए गए। बालिकाओं के लिए सेनेटरी नैपकिन की पर्याप्त सुविधा भी उपलब्ध मिली। आवासीय व्यवस्थाओं के निरीक्षण के दौरान बालिकाओं के कमरों में आवश्यक सामग्री की उपलब्धता देखी गई। पेयजल व्यवस्था के अंतर्गत पानी की टंकी, आरओ एवं वाटर कूलर का निरीक्षण किया गया तथा बालिकाओं के लिए स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल व्यवस्था पाई गई। छात्रावास परिसर एवं शौचालयों में साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक मिली। 

सीबीईओ ने विद्यालय प्रबंधन को बालिकाओं की सुरक्षा, स्वच्छता, गुणवत्तापूर्ण भोजन, स्वास्थ्य, पेयजल, आवासीय सुविधाओं एवं शैक्षणिक वातावरण को प्राथमिकता देते हुए व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बालिकाओं की किसी भी समस्या अथवा शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उपलब्ध सुविधाओं के रखरखाव एवं व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। औचक निरीक्षण के दौरान विद्यालय की समग्र व्यवस्थाएं संतोषजनक एवं व्यवस्थित पाई गईं।

डेस्क/माय सर्कल न्यूज
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज

निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर