
चित्तौड़गढ़। जिले के कपासन थाना पुलिस ने दिनदहाड़े हुई चोरी के एक बड़े मामले में सफलता हासिल की है। बीते 17 सितंबर को कस्बा सिंहपुर में एक सूने मकान में हुई चोरी की वारदात का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने शातिर अभियुक्त छगनलाल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने इस चोरी के अलावा क्षेत्र में हुई 5 अन्य चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है।
पूरा मामला कपासन थाना क्षेत्र के सिंहपुर का है। 17 सितंबर 2026 की सुबह पीड़ित प्रेम शंकर आचार्य अपने परिवार के साथ मकान का ताला लगाकर भदेसर भैरूजी बावजी के दर्शन करने गए थे। शाम को जब परिवार वापस लौटा, तो कमरों के दरवाजे और अलमारी का लॉक टूटा हुआ मिला। अज्ञात चोर अलमारी का लॉक तोड़कर सोने-चांदी के भारी मात्रा में आभूषण में रामनामी, मांदलिये, मंगलसूत्र, नेकलेस, पायजेब और 90 हजार रुपये नकद चुराकर फरार हो गए थे। पीड़ित की रिपोर्ट पर कपासन थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव के निर्देशन में थानाधिकारी सुनील शर्मा व उनकी टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी छगनलाल उम्र 27 वर्ष, निवासी कांकरवा को प्रोडक्शन वारंट के जरिए गिरफ्तार किया।
पुलिस की गहन पूछताछ में आरोपी ने सिंहपुर की चोरी के साथ-साथ 5 अन्य चोरी की घटनाओं को भी स्वीकार किया है। फिलहाल पुलिस अभियुक्त से माल बरामदगी और अग्रिम अनुसंधान में जुटी हुई है।
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज
निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़