
कपासन। पुलिस थाना कपासन ने कस्बे के सिंहपुर गांव में दिनदहाड़े हुई चोरी की वारदात का बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने चोरी गए लगभग 7 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात बरामद कर लिए हैं। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक यह मामला 17 सितंबर 2026 का है। सिंहपुर निवासी 62 वर्षीय प्रार्थी प्रेम शंकर आचार्य ने कपासन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़ित परिवार सुबह करीब 9:45 बजे अपने मकान का ताला लगाकर भादसोड़ा में भैरूजी बावजी के दर्शन करने गया था। जब शाम को लगभग 4:30 बजे परिवार वापस लौटा, तो घर के कमरों के दरवाजे खुले पड़े थे और सामान बिखरा हुआ था। अलमारी का लॉक तोड़कर अज्ञात चोर उसमें रखे सोने की रामनामी, मंगलसूत्र, हार, झुमकियां और अंगूठी, चांदी की पायजब और अन्य गहने साथ ही 90 हजार रुपये की नकदी चोरी कर फरार हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। उच्च अधिकारियों के निर्देशन में कपासन थानाधिकारी सुनील शर्मा और उनकी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का पर्दाफाश किया।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान पूर्व में गिरफ्तार किए गए आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए करीब 7 लाख रुपये के समस्त सोने-चांदी के जेवरात बरामद कर लिए हैं। आरोपी की पहचान छगनलाल (उम्र 27 वर्ष), पिता उदयराम तेली निवासी कांकरवा थाना भूपालसागर जिला चित्तौड़गढ़ के रूप में हुई है। पुलिस अब आरोपी से मामले में आगे की पूछताछ कर रही है।
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज
निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़