Explore

Search

October 11, 2026 4:56 am

होटल में खाने के दौरान हुआ दो पक्षों में झगड़ा, एक की मौत के बाद चंदेरिया में हंगामा; मुख्य मार्ग पर लगाया जाम

चित्तौड़गढ़। जिले की उपनगरीय क्षेत्र चंदेरिया स्थित रोलाहेड़ा के पास एक होटल में खाना खाने के दौरान हुआ मामूली विवाद एक व्यक्ति की मौत के साथ खूनी संघर्ष में बदल गया। आपसी कहासुनी के बाद भड़के झगड़े में एक पक्ष के युवकों ने प्रभु लाल कीर पर जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल प्रभु लाल को प्राथमिक उपचार के बाद उदयपुर रैफर किया गया, जहां इलाज के दौरान शुक्रवार को उसने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही कीर समाज के लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। शनिवार सुबह आक्रोशित लोगों ने चंदेरिया मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया और आसपास की दुकानें बंद करवा दीं। मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के थानों से पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा। प्रशासनिक अधिकारियों में चित्तौड़गढ़ तहसीलदार और शहर डिप्टी दिनेश सुखवाल भी मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों से समझाईश की। मामले की जानकारी देते हुए शहर डिप्टी दिनेश सुखवाल ने बताया कि मृतक के परिजनों की रिपोर्ट पर 6 नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी लोकेश सिंह उर्फ लक्की और राहुल सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। हरिवंश कीर समाज राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष किशन लाल कीर ने प्रशासन से मांग की है कि घटना में शामिल सभी आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और पीड़ित परिवार को सरकार की ओर से उचित आर्थिक मुआवजा दिया जाए। तहसीलदार और पुलिस ने आक्रोशित लोगों से समझाइश कर रास्ता खुलवाया गया।

डेस्क/माय सर्कल न्यूज
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज

निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर