Explore

Search

October 12, 2026 4:57 am

चित्तौड़गढ़ जिले में जिला परिषद के 35 एवं पंचायत समिति के 199 वार्डों सहित 359 ग्राम पंचायतों में निर्वाचन की तैयारियां जारी

पंचायती राज आम चुनाव-2026 की तैयारियों को लेकर राज्य निर्वाचन आयुक्त ने की समीक्षा

जिले में 1133 मतदान केंद्र निर्धारित, मतदान दलों के परिवहन के लिए 277 बसों की व्यवस्था का आकलन

चित्तौड़गढ़। पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 की तैयारियों की समीक्षा के लिए राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री राजेश्वर सिंह ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से प्रदेश के संभागीय आयुक्तों एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने चित्तौड़गढ़ जिले में निर्वाचन की तैयारियों एवं विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी प्रस्तुत की।

राज्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 में 10,245 पदों के लिए निर्वाचन संपन्न कराया गया था, जबकि पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 में लगभग 1.55 लाख पदों के लिए निर्वाचन होना है। निर्वाचन के व्यापक दायरे को देखते हुए सभी जिला निर्वाचन अधिकारी अतिरिक्त सतर्कता एवं बेहतर समन्वय के साथ कार्य करें तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समयावधि में पूर्ण करना सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित प्रत्येक कार्य की समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर नियमित समीक्षा की जाए, ताकि चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराए जा सकें।

◆जिले में जिला परिषद के 35, पंचायत समिति के 199 वार्डों में होगा निर्वाचन

जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू ने बताया कि चित्तौड़गढ़ जिले में जिला परिषद के 35 वार्डों, पंचायत समितियों के 199 वार्डों तथा 359 ग्राम पंचायतों के 3159 वार्डों में निर्वाचन प्रस्तावित है। जिले में 1131 मतदान केंद्रों के अतिरिक्त दो सहायक मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें एक कपासन तथा दूसरा चित्तौड़गढ़ में स्थित है। इस प्रकार जिले में कुल 1133 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि सभी मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन करवाया जा रहा है तथा वहां आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। मतदान केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा कर आवश्यक कमियों को समय रहते दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।

कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। इस संबंध में स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक आयोजित की जा चुकी है तथा निषेधाज्ञा जारी करने की कार्यवाही की जा रही है।

निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार मतदान समाप्ति से 48 घंटे पूर्व शुष्क दिवस घोषित करने के आदेश जारी किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि जिले में कुल 7340 शस्त्र लाइसेंसधारियों में से लगभग 3500 के शस्त्र जमा करवाए जा चुके हैं। शस्त्र जमा कराने से छूट प्राप्त करने के लिए अब तक कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। 

संवेदनशील एवं अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने तथा आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

 मतदान दलों का गठन एवं प्रशिक्षण, 277 बसों की व्यवस्था का आकलन

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदान दलों के गठन के लिए प्रथम रेंडमाइजेशन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। निर्वाचन कार्य के लिए लगभग 7000 अधिकारियों एवं कार्मिकों की नियुक्ति की जा चुकी है। मतदान दलों के प्रशिक्षण का कार्यक्रम भी जारी कर दिया गया है।

मतदान दलों के आवागमन के लिए रूट चार्ट तैयार कर लिया गया है तथा परिवहन व्यवस्था के लिए 277 बसों की आवश्यकता का आकलन किया गया है। मतदान दलों को मतदान केंद्रों तक पहुंचाने और मतदान के पश्चात वापस लाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

स्ट्रांग रूम एवं निर्वाचन सामग्री के सुरक्षित संधारण की व्यवस्था

डॉ. मंजू ने बताया कि शहीद मेजर नटवर सिंह शक्तावत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, चित्तौड़गढ़ में स्ट्रांग रूम, मतदान दलों की रवानगी तथा निर्वाचन सामग्री के संग्रहण की योजना तैयार कर ली गई है।

जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के निर्वाचन में प्रयुक्त होने वाली ईवीएम के संकलन के लिए उपखंड स्तर पर अस्थायी स्ट्रांग रूम का चयन किया गया है। इन केंद्रों पर ईवीएम के संकलन के पश्चात उन्हें पूर्ण सुरक्षा व्यवस्था के साथ जिला मुख्यालय स्थित स्ट्रांग रूम तक लाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया में उपयोग के लिए ईवीएम एवं मतपेटियां पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। निर्वाचन सामग्री के सुरक्षित भंडारण, परिवहन एवं वितरण के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

मतदाता सूचियों के मुद्रण की कार्यवाही जारी

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची में संशोधन एवं अन्य संबंधित कार्यों के लिए 9 अक्टूबर 2026 तक प्राप्त आवेदनों का निस्तारण संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारियों द्वारा किया जा रहा है।

मतदाता सूचियों के मुद्रण के लिए 11 अक्टूबर 2026 को सूचियां अनुबंधित फर्म को उपलब्ध करवाने की योजना है। मुद्रित मतदाता सूचियां प्राप्त होने के पश्चात रिटर्निंग अधिकारियों एवं मतदान दलों के लिए कार्यशील प्रतियां समय पर तैयार की जाएंगी, ताकि निर्वाचन संबंधी कार्यों में किसी प्रकार की बाधा नहीं आए।

विशेष योग्यजन मतदाताओं के लिए उपलब्ध कराई जाएंगी आवश्यक सुविधाएं

डॉ. मंजू ने बताया कि जिले में लगभग 18 हजार विशेष योग्यजन मतदाता हैं। इनके लिए मतदान केंद्रों पर रैंप, व्हीलचेयर एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि वे सुगमतापूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

उन्होंने आश्वस्त किया कि निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करते हुए जिले में सभी निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण की जाएंगी।

रिटर्निंग अधिकारियों को दिया प्रशिक्षण

वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान रिटर्निंग अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया के विभिन्न चरणों के संबंध में विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने, उनकी संवीक्षा करने तथा नाम वापसी की प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

संवीक्षा के दौरान नाम निर्देशन पत्रों की जांच के प्रमुख बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही, निर्धारित नियमों एवं प्रावधानों के अनुसार नाम निर्देशन पत्र स्वीकार अथवा अस्वीकार करने की प्रक्रिया स्पष्ट की गई। अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।

राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री राजेश्वर सिंह ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को पूर्ण सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वाचन संबंधी तैयारियां संपन्न करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिलों में की गई तैयारियों की सराहना करते हुए कहा कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें, ताकि पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 सुव्यवस्थित, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराए जा सकें।

वीडियो कॉन्फ्रेंस में उप जिला निर्वाचन अधिकारी दिनेश चन्द्र धाकड़, विशेषाधिकारी निर्वाचन रविन्द्र मेघवाल, सचिव नगर विकास न्यास कैलाश चन्द्र गुर्जर, भूमि आवाप्ति अधिकारी नगर विकास न्यास अंशुल आमेरिया, उपखंड अधिकारी बेगूं अंकित सामरिया, कोषाधिकारी राघव शर्मा तथा कार्यालय अधीक्षक विवेक व्यास उपस्थित रहे।

डेस्क/माय सर्कल न्यूज
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज

निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर