Explore

Search

November 12, 2026 6:04 am

पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना ने सात गांवों में किया सघन जनसंपर्क

◆ गुड़ाखेड़ा, बरवाड़ा, भगवानपुरा, बिनोता, मल्ला चारण, टाटरमाला एवं मिन्नाना में ग्रामीणों से किया आत्मीय संवाद

निम्बाहेड़ा। पंचायत राज चुनाव के मद्देनजर निम्बाहेड़ा पंचायत समिति क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में जनसंपर्क अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में राजस्थान सरकार के पूर्व सहकारिता मंत्री एवं राजस्थान प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति के अध्यक्ष उदयलाल आंजना की गरिमामयी उपस्थिति में पंचायत समिति क्षेत्र के ग्राम गुड़ाखेड़ा, बरवाड़ा, भगवानपुरा, बिनोता, मल्ला चारण, टाटरमाला एवं मिन्नाना में सघन जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान आंजना ने ग्रामीणजनों से आत्मीय संवाद कर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं, विकास कार्यों एवं ग्रामीण आवश्यकताओं पर विस्तार से चर्चा की तथा कांग्रेस प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाने का आह्वान किया।

जनसंपर्क कार्यक्रम के दौरान जिला परिषद सदस्य प्रत्याशी रामेश्वरलाल धाकड़ तथा पंचायत समिति सदस्य प्रत्याशी सीताबाई, गोपाल कुमावत एवं शकुन्तला कुंवर के समर्थन में ग्रामीणों से मतदान की अपील की गई। विभिन्न गांवों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं ग्रामीणजनों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। इस अवसर पर ग्रामीण सभाओं को संबोधित करते हुए पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना ने कहा कि पंचायत राज संस्थाएं लोकतंत्र की सबसे मजबूत आधारशिला हैं। गांवों का सर्वांगीण विकास, ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा, चिकित्सा सहित मूलभूत सुविधाओं का विस्तार तथा आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर प्रभावी समाधान पंचायत राज संस्थाओं के माध्यम से ही सुनिश्चित किया जा सकता है। इसलिए जिला परिषद एवं पंचायत समिति के प्रतिनिधियों का चयन क्षेत्र के भविष्य और विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

आंजना ने कहा कि जनप्रतिनिधि वही सार्थक होता है, जो हमेशा जनता के बीच रहकर उनके सुख-दुःख में सहभागी बने, ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुने और उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास करे। क्षेत्र की वास्तविक आवश्यकताओं को समझते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता देना और प्रत्येक गांव तक विकास की रोशनी पहुंचाना हमारी प्रतिबद्धता होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव गांव, गरीब, किसान, मजदूर एवं समाज के प्रत्येक वर्ग के हितों को सर्वोपरि रखकर कार्य करती आई है। कांग्रेस की रीति-नीति का मूल उद्देश्य सर्वसमाज को साथ लेकर चलना, सामाजिक सद्भाव एवं भाईचारे को मजबूत करना तथा विकास की मुख्यधारा में प्रत्येक वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने ग्रामीणजनों से विकास, जनहित और क्षेत्र की खुशहाली को ध्यान में रखते हुए अपने मताधिकार का विवेकपूर्ण उपयोग करने का आह्वान किया। जिला परिषद सदस्य प्रत्याशी रामेश्वरलाल धाकड़ तथा पंचायत समिति सदस्य प्रत्याशी सीताबाई, गोपाल कुमावत एवं शकुन्तला कुंवर के पक्ष में जनसम्पर्क किया।

सातों गांवों में आयोजित जनसंपर्क कार्यक्रमों के दौरान ग्रामीणजनों ने पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना का आत्मीय स्वागत किया तथा क्षेत्रीय विकास एवं स्थानीय समस्याओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखे। इस अवसर पर कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

डेस्क/माय सर्कल न्यूज
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज

निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर