
रावतभाटा। राजस्थान परमाणु बिजलीघर रावतभाटा में गुरुवार को 3 आतंकवादियों ने परमाणु बिजलीघर के प्लांट में अवैध रूप से घुसने का प्रयास किया, जिनको कर्तव्य पर तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल सदस्य ने देखा और 1 आतंकवादी को उसी समय मार गिराया जबकि 2 आतंकवादी विजय भवन में घुसने में सफल हो गए तथा 4 कर्मचारियों को बंदी बना लिया। इसके बाद ईआरटी टीम कोटा के आने तक सीआईएसएफ, एसटीएफ कमांडोज द्वारा आतंकवादियों का घेराव एवं कवर करके रखा गया ताकि वो आतंकवादी और कर्मचारियों को बंदी या निशाना न बना पाए। इसके उपरांत सभी हितधारकों के प्रयास से विजय भवन में घुसे दोनों आतंकवादियों को भी मार गिराया गया। यह एक वार्षिक मॉक अभ्यास था। यह मॉक अभ्यास प्रातः 11 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक आयोजित किया गया। जिसमें सभी हितधारकों यथा केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, आरएपीएस व भारी पानी प्रबंधन, आपदा प्रतिकार बल कोटा, स्थानीय पुलिस व प्रशासन, आईबी इत्यादि ने सक्रिय रूप से भाग लेकर इस मॉक अभ्यास को सफल बनाया। इस मौके पर आरएपीएस प्लांट के स्थल निदेशक सुनील गाडगिल, रावतभाटा अतिरिक्त जिला कलेक्टर विनोद कुमार मल्होत्रा, रावतभाटा पुलिस उपाधीक्षक कमल प्रसाद मीणा, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल डिप्टी कमांडेंट विवेक कुमार, रावतभाटा थानाधिकारी रायसल सिंह शेखावत, ईआरटी प्रभारी दीप्ति जोशी इत्यादि शामिल हुए।