
बेगूं। मादक पदार्थों की तस्करी में जब्त किए गए वाहनों का भारत सरकार के गजट नोटिफिकेशन व पुलिस मुख्यालय के निर्देशों की पालना में शुक्रवार को वृत्त कार्यालय बेगूं में जिला स्तरीय औषधि व्ययन समिति द्वारा नीलामी कर निस्तारण किया गया। मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त तस्करों से जब्त किए गए 48 वाहनों को पुलिस द्वारा खुली बोली लगा नीलाम किया गया। 12 दोपहिया, 32 चौपहिया व 4 भारी वाहन की नीलामी हुई, इस नीलामी प्रक्रिया में सरकार को करीब 43 लाख रुपये की राजस्व आय हुई।
पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने बताया कि चित्तौड़गढ़ जिला अफीम का बृहद उत्पादन क्षेत्र होने व राज्य की सीमा से लगा होने के कारण मादक पदार्थों की तस्करी इसी रूट से होकर निकलने की वजह से जिले के कई थानों में मादक पदार्थ की तस्करी में शामिल वाहनों को माल के साथ जब्त किया गया है। उक्त जब्त वाहनों से जिले के थाने के माल खाना भरे पड़े हुए हैं, थानों में अन्य वाहनों के रखने की व्यवस्था नहीं होने की वजह से उन्हें नियमानुसार निस्तारण किया जाना हैं।
वाहनों की नीलामी के लिए पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी की अध्यक्षता में पाँच सदस्यों की एक कमेटी बनाई गई, जिसमें एएसपी सरिता सिंह, अपराध सहायक जोधाराम गुर्जर, सहायक लेखा अधिकारी भूपेन्द्र सिंह सुराणा व परिवहन निरीक्षक रामनिवास यादव आदि उपस्थित थे। जिन्होंने खुली बोली लगवा कर वाहनों की नीलामी करवाई।

उक्त नीलामी में जिला चित्तौड़गढ़ के अलावा जिला उदयपुर, भीलवाड़ा, जोधपुर, कोटा व मध्यप्रदेश तक के बोलीदाता शामिल हुए। एनडीपीएस एक्ट में जब्त 48 वाहनों को शुक्रवार को वृत्त कार्यालय बेगूं पर खुली बोली द्वारा नीलामी किया गया। जिनमे सभी 48 वाहनों को उच्चतम बोली द्वारा स्वीकार किया जाकर बोली दाता को अग्रिम कार्रवाई हेतु निर्देशित किया। शुक्रवार को 12 दोपहिया, 32 चौपहिया व 4 भारी वाहन की हुई इस नीलामी प्रक्रिया में सरकार को करीब 43 लाख रुपये की राजस्व आय हुई। नीलामी प्रक्रिया के दौरान डीएसपी बेगूं अंजली सिंह, थानाधिकारी बेगूं रविन्द्र चारण भी उपस्थित थे।