चित्तौड़गढ़। सिंहपुर नारेला के बीच लगी हुई जुबिलेंट फैक्ट्री से आस पास के गाँवों के काश्तकारों की फसलों, बगीचों सहित आमजन को नुकसान होने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणजनों द्वारा जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंप कर मुआवजा दिलाने व उचित कार्यवाही की मांग की गई। प्रभावित नारेला, सिंहपुर, भग्गाखेड़ा, बनाकिया खुर्द के ग्रामीणों ने सौंपे ज्ञापन में बताया कि जुबिलेंट नाम से संचालित खाद फैक्ट्री की स्थापना से ही उसके द्वारा जारी केमिकल, धुँए आदि से भारी प्रदूषण हो रहा है जिससे काश्तकारों की फसलों पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है, बाग-बगीचे भी प्रभावित हो रहे हैं। इस फैक्ट्री से आम, अमरूद, सीताफल, संतरा के बगीचे खत्म हो गये हैं। जिन पौधे में फल लगते हैं तो भी उनकी गुणवत्ता समाप्त हो चुकी है। वार्षिक फसलों की पैदावर प्रभावित हुई है, फसलें की पैदावार कम हो रही है। आस पास के जंगल विकसित होना बंद हो गये हैं। पशुओं में बाँझपन, लोगों में चर्म रोग, आंखों में प्रभाव साफ दिखाई दे रहा है। वर्ष 2007-08 में जब फैक्ट्री चालू हुई तक गांव व फैक्ट्री प्रबन्धन के बीच एक समझौता भी हुआ था, जिस पर अमल नहीं हो रहा है। उच्चाधिकारियों को कई बार अवगत कराने पर भी कोई प्रभावी कार्यवाही नहीं हुई। गांव के शंकरसिंह, सियाराम, मदनलाल, विष्णु, कानसिंह, राजूसिंह, मनोहरसिंह, हरिसिंह, बालू, बद्रीलाल, जगन्नाथ, मांगी लाल रेगर, गोवर्धन रेगर, शंकर, बंशी लाल, लीला कंवर, प्यारी रेगर, काली बाई सहित कईं ग्रामीणों ने ज्ञापन सौंप कर कार्यवाही की मांग की।
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज
निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़