
राशमी। थाना क्षेत्र के भीमगढ़ गांव में मंगलवार रात्रि विद्युत आपूर्ति में व्यवधान आया। पुलिस ने बताया कि थाना क्षेत्र के भीमगढ़ में मंगलवार शाम एक मकान से शट कर निकल रहे विद्युत तारों को गुस्से में आकर युवक ने काट दिया। जिससे गांव में विद्युत आपूर्ति बंद हो गई। युवक की हरकत की जानकारी मिलते ही विद्युत विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। लेकिन युवक अपनी जिद पर अड़ा रहा। जिसके चलते विद्युत विभाग के अधिकारियों को मौके पर पुलिस को बुलाना पड़ा। बाद में पुलिस ने युवक को शांति भंग आरोप में गिरफ्तार किया। उसके बाद गांव में विद्युत आपूर्ति बहाल हो पाई। भीमगढ़ निवासी कैलाश पुत्र मगनीराम पुर्बिया के मकान से सटकर विद्युत तार निकल रहे हैं। जिससे युवक मंगलवार शाम आक्रोश में आ गया तथा उसने अपने मकान के छज्जे से विद्युत पोल से सटे तारों को काट दिया। जिससे कई घरों में बिजली बंद हो गई। सूचना पर लाइनमैन एवं विद्युत निगम के सहायक अभियंता नरेंद्र पूरी मौके पर पहुंचे। युवक कैलाश को समझाने का प्रयास किया। लेकिन वह विद्युत तारों को काटने पर तुला रहा। इस पर सहायक अभियंता नरेंद्र पुरी ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर सहायक उप निरीक्षक देवीलाल गुर्जर मय जाप्ता भीमगढ़ पहुंचे। पुलिस ने समझाइश का प्रयास किया लेकिन युवक आवेश में आ गया। जिस पर पुलिस ने युवक कैलाश चंद्र पुर्बिया को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार कर बुधवार को उपखंड मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया।