
राजसमंद। उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी सोमवार सुबह कुंभलगढ़ उपखंड क्षेत्र के भोपजी की भागल ग्राम स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचीं। यहां उन्होंने बच्चों से आत्मीय संवाद किया और भोजन एवं दूध की गुणवत्ता की जांच की। बच्चों के प्रति अपने स्नेह और सरल स्वभाव का परिचय देते हुए उपमुख्यमंत्री स्वयं उनके साथ जमीन पर बैठीं और उत्साह से भरे पल साझा किए।
बच्चों ने कविताएं, कहानियां सुनाकर उपमुख्यमंत्री का मन मोह लिया। उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने बच्चों को दुलारते हुए उनके ज्ञान का स्तर भी परखा और जीवन में सफलता के लिए आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों की नींव मजबूत करने में अहम भूमिका निभाते हैं और राज्य सरकार उनके सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर ग्रामीणों ने उपमुख्यमंत्री के समक्ष अपनी समस्याएं भी रखी, जिस पर उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ आत्मीयता से बातचीत की और उन्हें उपलब्ध कराए जा रहे भोजन और खेल-कूद की सुविधाओं का बारीकी से मूल्यांकन किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों के साथ कुछ पल बिताए और बड़े ही आनंद से उनसे कविताएं सुनी और बात की। बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक अपनी कविताएं सुनाईं। उन्होंने इस बात पर संतोष व्यक्त किया कि बच्चों को पोषण युक्त भोजन दिया जा रहा है और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने केंद्र के कामकाज की सराहना की और कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने बच्चों के समग्र विकास के लिए गुणवत्तापूर्ण सेवाएं सुनिश्चित करने के महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि हर बच्चे को प्रारंभिक शिक्षा और पोषण युक्त वातावरण मिलना चाहिए, क्योंकि यही उनके उज्ज्वल और सशक्त भविष्य की नींव रखता है।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि बच्चों को शुरुआती वर्षों में ही ऐसा वातावरण मिले, जिससे उनका शारीरिक और मानसिक विकास सर्वोत्तम हो सके। इस दौरान कुंभलगढ़ विधायक सुरेंद्र सिंह राठौड़, जिलाध्यक्ष जगदीश पालीवाल, उपखंड अधिकारी साक्षी पुरी, समेकित बाल विकास सेवाएं उपनिदेशक दीपेंद्र सिंह राठौड़, समाजसेवी माधव जाट, पूर नगर पालिका अध्यक्ष अशोक रांका सहित कई अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।