Explore

Search

March 8, 2026 6:16 am

विश्व हिन्दू परिषद् की प्रांत आयाम बैठक, धर्मांतरण विरोधी विधेयक पारित करने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त

कपासन। कपासन स्थित एक रिसॉर्ट में विश्व हिन्दू परिषद् (विहिप) की दो दिवसीय प्रांत आयाम बैठक रविवार शाम को सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। बैठक का शुभारंभ शनिवार दोपहर 2.15 बजे हुआ। उद्घाटन सत्र में विश्व हिन्दू परिषद् के क्षेत्र संगठन मंत्री राजाराम, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रांत प्रचारक मुरलीधर,रामद्वारा के महंत कीमतराम महाराज और प्रांत अध्यक्ष प्रताप सिंह नागदा का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। बैठक को संबोधित करते हुए प्रांत प्रचारक मुरलीधर ने भारत राष्ट्र के महत्व और भारतीय संस्कृति की वैश्विक प्रेरणादायक भूमिका पर प्रकाश डाला। क्षेत्र संगठन मंत्री राजाराम ने संगठन की कार्य पद्धति और विश्व हिन्दू परिषद् के विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। महंत कीमतराम महाराज ने संगठित होने की आवश्यकता पर आशीर्वचन दिए।
बैठक में संगठन विस्तार, ग्राम संपर्क अभियान, सेवा कार्य, धर्मजागरण, और सामाजिक समरसता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन विचार-विमर्श हुआ। आगामी समय के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, और गौ-सेवा के क्षेत्र में नई योजनाएं प्रारम्भ करने तथा युवाओं को संस्कारयुक्त बनाने हेतु विशेष कार्यक्रम भी तय किए गए। बैठक में “हिन्दू समाज की एकता एवं राष्ट्रहित” के लिए गांव-गांव तक संगठन का विस्तार करने और समाज को अधिक सक्रिय रूप से जोड़ने हेतु सतत अभियान चलाने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर विश्व हिन्दू परिषद् के प्रांत मंत्री कौशल गौड़, प्रांत सह मंत्री सुन्दर कटारिया और युधिष्ठिर हाडा का भी मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। बैठक में विश्व हिंदू परिषद के विभाग मंत्री विश्वनाथ टॉक, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य, सभी जिलों के जिला मंत्री सहित विभिन्न आयामों के लगभग 180 जिला स्तर के दायित्ववान कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
प्रांत आयाम बैठक के दौरान विश्व हिंदू परिषद, चित्तौड़ प्रांत द्वारा एक प्रेस वार्ता का आयोजन भी किया गया। इसमें मुख्यमंत्री भजनलाल सरकार का राजस्थान में धर्मांतरण विरोधी विधेयक पारित करने पर हृदय से आभार व्यक्त किया गया।
विहिप के जिला उपाध्यक्ष दिलीप बारेगामा ने बताया कि विहिप के राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार व राजस्थान के संगठन मंत्री राजाराम के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर राज्य में जबरन धर्म परिवर्तन की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताते हुए इसी विधानसभा सत्र में एक कठोर कानून बनाने का आग्रह किया था। उन्होंने बताया कि विहिप इस कानून को बनाने हेतु काफी लंबे समय से प्रयासरत थी। विहिप प्रांत अध्यक्ष प्रताप सिंह नागदा ने बताया कि यह कानून आदिवासी एवं जनजातीय क्षेत्रों में लंबे समय से संचालित धर्म परिवर्तन के कार्यों पर अंकुश लगाने में विशेष रूप से सहायक होगा, जिससे आदिवासी और जनजाति समाज सनातन वैदिक धर्म की मुख्य धारा से जुड़ा रहेगा। इस अवसर पर विहिप प्रांत सह मंत्री युधिष्ठिर हाड़ा, चित्तौड़ जिला मंत्री चंद्रशेखर सोनी, निम्बाहेड़ा जिला सह मंत्री दिलीप जायसवाल, प्रतापगढ़ जिला मंत्री यशपाल सिंह बजरंग दल जिला संयोजक मनोज साहू, सह संयोजक रोहित सिंह राजपूत, प्रखंड अध्यक्ष मुकेश जागेटिया सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

डेस्क/माय सर्कल न्यूज
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज

निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर