चित्तौड़गढ़। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस श्रीमति स्मिता श्रीवास्तव ने बताया कि एसीबी रेंज उदयपुर के उप महानिरीक्षक पुलिस प्रहलाद सिंह कृष्णिया के सुपरविजन में ट्रेप कार्यवाही करते हुए विक्रम सिंह अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरों चित्तौडगढ़ द्वारा आरोपी बंशी लाल रेगर सरपंच ग्राम पंचायत राशमी जिला चित्तौडगढ़ के विरूद्ध 3 लाख रूपये रिश्वत की मांग करने का प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो चित्तौड़गढ़ पर 13 अगस्त 2025 को परिवादी ने उपस्थित होकर एक लिखित रिपोर्ट प्रस्तुत कर बताया कि मेरे व मेरे भाई के निवासरत मकान के भूखण्ड एवं मेरे स्वर्गीय दादाजी के कब्जेशुदा भूखण्ड का पट्टा बनवाने हेतु हमारी ग्राम पंचायत राशमी के सरपंच बंशी लाल रेगर से सम्पर्क किया तो उन्होंने पट्टे बनाने के लिए 6 लाख रूपये रिश्वत की मांग की है। परिवादी द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट पर नियमानुसार रिश्वत सत्यापन कराया गया। जिस पर ग्राम पंचायत राशमी के सरपंच बंशी लाल रेगर द्वारा परिवादी के उक्त कार्य के लिए 3 लाख रूपये रिश्वत राशि की मांग की गई तथा 1 लाख 50 हजार रूपये प्रथम किश्त के रूप में रिश्वत राशि लेने हेतु सहमत होना पाया गया। जिस पर दिनांक 15.08.2025 को नियमानुसार ट्रेप कार्यवाही का आयोजन किया गया तथा सरपंच बंशी लाल रेगर के ग्राम राशमी स्थित रिहायशी मकान पर परिवादी को सरपंच की मांग अनुसार 1 लाख 50 हजार रूपये की रिश्वत राशि देने हेतु भेजा गया परन्तु उक्त सरपंच बंशी लाल रेगर को संभवतया एसीबी की कार्यवाही की भनक/शंका हो जाने से अपने परिवार सहित निवास पर ताला लगा मोबाईल को स्विच ऑफ कर गायब हो गया। इस कारण संदिग्ध बंशी लाल रेगर सरपंच ग्राम पंचायत राशमी जिला चित्तौडगढ़ के विरूद्ध अग्रिम ट्रेप कार्यवाही नही की जा सकी। उक्त कार्यवाही के सम्बन्ध में ब्यूरो मुख्यालय पर उप महानिरीक्षक एसीबी उदयपुर रेंज उदयपुर के मार्फत रिपोर्ट भिजवायी गई। जिस पर उक्त सरपंच बंशी लाल रेगर सरपंच ग्राम पंचायत राशमी के विरूद्ध मुकदमा नम्बर 258/2025 दर्ज किया गया। उक्त प्रकरण का अग्रिम अनुसंधान विक्रम सिंह परमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो प्रतापगढ़ के जिम्मे किया गया है।
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज
निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़