Explore

Search

February 6, 2026 11:09 am

अफीम की खेती पर डिजिटल पहरा: जब ‘लाठी’ से काम न चला, तो किसानों ने कैमरों और नेट से घेरे खेत

चित्तौड़गढ़, (Written By_Salman)।
चित्तौड़गढ़ जिले के खेतों में इन दिनों काले सोने यानी अफीम की चमक बिखरी हुई है। लेकिन इस बार अफीम की ये खेती साधारण नहीं है। यहाँ खेत अब किसी किले से कम नहीं हैं, जहाँ परिंदा भी पर नहीं मार सकता। अफीम अपने पूर्ण यौवन काल में हैं और अफीम किसान खेतों में डेरा डाले हुए हैं।

राजस्थान के 7 जिलों की आबोहवा में इन दिनों अफीम की महक घुली हुई है। प्रदेश के 7 जिलों में 49 हजार 140 किसानों को इस बार अफीम के पट्टे जारी किए गए। प्रदेश के चित्तौड़गढ़, झालावाड़, बांरा, कोटा, उदयपुर, भीलवाड़ा और प्रतापगढ़ के अफीम किसानों को मिले 49 हजार 140 अफीम लाइसेंस में से 34 हजार 776 किसानों को गम पद्धति और 14 हजार 364 अफीम किसानों को सीपीएस पद्धति में लाइंसेंस दिए गए हैं। अफीम किसानों को 10 आरी में अफीम बुआई के लाइसेंस मिले हैं।

नारकोटिक्स विभाग ने चित्तौड़गढ़ जिले में करीब 22 हजार किसानों को अफीम खेती के लाइसेंस जारी किए हैं। अफीम फसल अब अपने पूर्ण यौवन पर है खेतों में सफेद फूलों की चादर बिछी है, फूलों के खिलने के बाद 10-15 दिन में गम पद्धति वाले लाइसेंस में किसान डोडे पर चीरा लगाकर दूध एकत्र कर विभाग को जमा करवाएंगे और सीपीएस पद्धति में अफीम डोडे पर बिना चीरा लगाएं डोडे को 8 इंच डंठल के साथ नारकोटिक्स विभाग में जमा करवाना होगा। अफीम खेतों में सफेद चादर बिछने के साथ ही अफीम किसानों को निगरानी बढ़ानी पड़ती हैं कारण यदि अफीम की खेती में नुकसान हुआ तो सीधा लाइसेंस निरस्त।

विभाग के नियमों की सख्ती के चलते किसान खेतों को हाईटेक भी बना रहे हैं। इस बहुमूल्य अफीम फसल को बचाने के लिए किसानों ने तकनीक का सहारा लिया है। अब खेतों की पहरेदारी केवल लाठी से नहीं, बल्कि डिजिटल कैमरों (CCTV) से हो रही है। मोबाइल पर खेत की लाइव मॉनिटरिंग की जा रही है। सिर्फ इंसान ही नहीं, बल्कि तोतों और अन्य पक्षियों से डोडों को बचाने के लिए पूरे खेत को मजबूत जालों से ढका गया है। आलम यह है कि किसान घर-बार छोड़कर खेतों में ही डेरा डाले हुए हैं। इधर नारकोटिक्स विभाग ने प्रदेश के 7 जिलों में 45 टीमें अफीम खेती की पैमाइश के लिए लगा रखी हैं। चित्तौड़गढ़ जिले में भी 15 टीमें प्रत्येक अफीम किसान की बुवाई की गई अफीम खेत की नपती में लगी हुई हैं।

डेस्क/माय सर्कल न्यूज
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज

निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर