Explore

Search

March 18, 2026 7:32 pm

श्मशान घाट में मधुमक्खियों के डंक से मची चीख-पुकार, दो बुजुर्गों की मौत, अंतिम संस्कार में मची भगदड़

चित्तौड़गढ़। जिले के बेगूं उपखंड क्षेत्र के पारसोली में मधुमक्खियों के दोहरे हमले ने पूरे इलाके में दहशत पैदा कर दी है। महज 24 घंटे के भीतर मधुमक्खियों के डंक से दो बुजुर्गों की जान चली गई, जबकि सांसद के पीए सहित करीब 50 लोग घायल हो गए। स्थिति इतनी भयावह थी कि प्रशासन को पीपीई किट पहनाकर पुलिस सुरक्षा के बीच अंतिम संस्कार संपन्न कराना पड़ा।

कैसे शुरू हुआ मधुमक्खियों का हमला.?

​जानकारी के अनुसार, पारसोली निवासी जमनेश सुखवाल मंगलवार को कितियास गांव में एक धार्मिक अनुष्ठान से लौट रहे थे। रास्ते में मधुमक्खियों के झुंड ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया। उन्हें गंभीर हालत में चित्तौड़गढ़ आईसीयू में भर्ती कराया गया, जहां बुधवार सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया।

शमशान घाट पर दोहरा हमला, शव को भी नहीं बख्शा

बुधवार दोपहर जब ग्रामीण जमनेश सुखवाल के अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट पहुंचे, तो मधुमक्खियों ने एक बार फिर हमला बोल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मधुमक्खियां इतनी आक्रामक थीं कि वे शव को भी डंक मारती रहीं। भगदड़ के दौरान सांसद सीपी जोशी के पीए दिनेश ओझा एक गड्ढे में गिर गए, जिससे उनका एक पैर फ्रैक्चर हो गया। पांच गंभीर घायलों को चित्तौड़गढ़ रैफर किया गया जहां घायलों में से 83 वर्षीय भवानी शंकर पांड्या ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। अब तक इस दोहरे हमले में 2 मौतें हो चुकी हैं।

प्रशासनिक मुस्तैदी, पीपीई किट में हुआ अंतिम संस्कार

घटना की गंभीरता को देखते हुए बेगूं एसडीएम अंकित सामरिया और तहसीलदार गोपाल जीनगर चिकित्सा टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मधुमक्खियों के डर से लोग शव के पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे, जिसके बाद प्रशासन ने विशेष व्यवस्था की। कुछ ग्रामीणों को पीपीई किट पहनाई गई और सुरक्षित घेरे में बुजुर्ग का अंतिम संस्कार करवाया गया। क्षेत्र में वर्तमान में सन्नाटा और दहशत का माहौल है। चिकित्सा विभाग की टीमें पारसोली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात हैं और अन्य घायलों का उपचार जारी है।

डेस्क/माय सर्कल न्यूज
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज

निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर