Explore

Search

September 24, 2026 12:11 pm

शेयर बाजार में निवेश के नाम पर 13 लाख रुपए की धोखाधड़ी : कुवैत की कमाई लेकर ठग फरार

चित्तौड़गढ़। जिले के सदर पुलिस थाना क्षेत्र में निवेश के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक जालसाज ने कुवैत से लौटकर आए युवक को शेयर मार्केट में भारी मुनाफे का झांसा देकर न केवल उसकी जीवन भर की कमाई हड़प ली, बल्कि दफ्तर से नकदी और लैपटॉप लेकर भी रफूचक्कर हो गया। पीड़ित ने अब सदर थाना पुलिस की शरण लेकर न्याय की गुहार लगाई है। कुंभा नगर निवासी मोहम्मद इरफान पिता अब्दुल गनी ने सदर थाना पुलिस में दी रिपोर्ट के मुताबिक उसकी मुलाकात मुबारिक हुसैन के जरिए गंगरार तहसील के खुटिया गांव निवासी पप्पूलाल राव पिता चांदमल राव से हुई थी। पप्पूलाल ने खुद को ऑनलाइन ट्रेडिंग का एक्सपर्ट बताया और दावा किया कि अरहम वेल्थ नामक कंपनी में आईडी खुलवाकर रोजाना 2 से 3 हजार रुपये कमाए जा सकते हैं। आरोपी ने पीड़ित को विश्वास में लेने के लिए 500 रुपये के स्टाम्प पर बाकायदा इकरारनामा भी किया और जुलाई 2025 से इरफान के ऑफिस पर काम करने लगा। पीड़ित इरफान ने शुरुआत में 5 लाख रुपये निवेश किए। आरोपी पप्पूलाल उसे कंप्यूटर पर नकली एक्सेल शीट दिखाकर झूठे मुनाफे का लालच देता रहा। बाद में कमाई बढ़ाने का झांसा देकर अरहम वेल्थ कम्पनी में 5 लाख रुपये और निवेश करवा लिए। शक होने पर जब पीड़ित ने जयपुर स्थित असली कंपनी के मैनेजर लव कुमार वर्मा से संपर्क किया, तो पैरों तले जमीन खिसक गई। पता चला कि पप्पूलाल ने पहले ही खाते से पैसे निकाल लिए थे और दूसरी बार जो 5 लाख लिए, वे कभी कंपनी में जमा ही नहीं हुए। आरोपी जिस लव कुमार से फोन पर बात करवाता था, वह भी एक फर्जी व्यक्ति था।
धोखाधड़ी की हद तब पार हो गई जब एक अप्रैल को आरोपी ने 50 हजार रुपए खाते में पैसे जमा कराने का झूठा नाटक किया और फर्जी एटीएम स्लिप की फोटो भेजी। पीड़ित जब उदयपुर गया हुआ था, तब आरोपी पप्पूलाल दफ्तर में रखे 2.50 लाख रुपये नकद और एक कीमती लैपटॉप लेकर फरार हो गया। वर्तमान में आरोपी का घर बंद है और उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ आ रहा है। मोहम्मद इरफान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि यह उसके जीवन भर की जमा पूंजी थी जो उसने कुवैत में रहकर खून-पसीने से कमाई थी। सदर थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है।

डेस्क/माय सर्कल न्यूज
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज

निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर