
चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ के बस्सी थाना क्षेत्र में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की एक हालिया कार्रवाई अब पुलिस विभाग के लिए गले की हड्डी बन गई है। एक ओर जहाँ पुलिस 10 हजार के ईनामी अपराधी को दबोचने की पीठ थपथपा रही थी, वहीं दूसरी ओर बरामदगी के सामान में हेरफेर ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पकड़े आरोपियों के पास से बरामद चार मोबाइलों में से दो अचानक गायब हो गए, जिसका खामियाजा थाने के एक सिपाही को लाइन हाजिर के रूप में भुगतना पड़ा है।
◆ हथियारों के साथ दबोचा गया ईनामी तस्कर
घटनाक्रम के अनुसार, गत 5 अप्रैल को ANTF की टीम ने नाकाबंदी के दौरान एक बिना नम्बरी क्रेटा कार को रुकवाया। कार की तलाशी लेने पर उसमें से एक 12 बोर की बंदूक और 9 जिंदा राउंड बरामद हुए। मौके से पुलिस ने प्रहलाद गुर्जर निवासी मायरा घाटा और गिरधारी लाल गुर्जर को गिरफ्तार किया। प्रहलाद गुर्जर भीलवाड़ा जिले का 10 हजार रुपये का ईनामी बदमाश है, जिस पर राजस्थान और मध्य प्रदेश में तस्करी व मारपीट के दर्जनों मामले दर्ज हैं।
◆चार मोबाइल का रहस्य: फोटो में थे, रिकॉर्ड में नहीं
विवाद तब शुरू हुआ जब जब्ती की सूची तैयार की गई। कार्रवाई के दौरान ली गई तस्वीरों में आरोपी के पास साफ तौर पर 4 मोबाइल फोन दिखाई दे रहे थे। खुद ANTF की टीम ने शुरुआती जानकारी में 4 मोबाइल मिलने की बात कही थी। लेकिन जब मामला बस्सी थाने में दर्ज हुआ और मालखाने में जब्ती सौंपी गई, तो वहां केवल 2 मोबाइल ही पाए गए। जैसे ही यह मामला उच्चाधिकारियों तक पहुंचा, विभाग में खलबली मच गई। हैरानी की बात यह है कि इस गंभीर लापरवाही या हेरफेर के लिए केस की जांच कर रहे एएसआई (ASI) पर कार्रवाई करने के बजाय, थाने के सिपाही लक्ष्मण को लाइन हाजिर कर दिया गया।
क्या एएनटीएफ की टीम ले गई मोबाइल..?
सूत्रों के हवाले से जानकारी मिली कि बस्सी क्षेत्र में चर्चा है कि जब्ती के दौरान ANTF के अधिकारियों ने थाने में केवल दो मोबाइल ही सुपुर्द किए और शेष दो मोबाइल वे खुद अपने साथ ले गए। सूत्र बताते हैं कि जिला पुलिस ने लापरवाही के चलते सिपाही को लाइन हाजिरकीय है लेकिन एएनटीएफ के अधिकारियों द्वारा मोबाइल ले जाना बड़े सवाल खड़े करते हैं।
सूत्र बताते हैं कि पकड़ा गया 10 हजार का ईनामी बदमाश प्रहलाद और उसका साथी गिरधारी तस्करी के वाहन को एस्कॉर्ट कर रहे थे, लेकिन उनके पकड़े जाने के बाद मादक पदार्थ लेकर जाने वाले लोग बीच में से ही फरार हो गए।
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज
निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़