
चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ के बस्सी थाना क्षेत्र में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की एक हालिया कार्रवाई अब पुलिस विभाग के लिए गले की हड्डी बन गई है। एक ओर जहाँ पुलिस 10 हजार के ईनामी अपराधी को दबोचने की पीठ थपथपा रही थी, वहीं दूसरी ओर बरामदगी के सामान में हेरफेर ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पकड़े आरोपियों के पास से बरामद चार मोबाइलों में से दो अचानक गायब हो गए, जिसका खामियाजा थाने के एक सिपाही को लाइन हाजिर के रूप में भुगतना पड़ा है।
◆ हथियारों के साथ दबोचा गया ईनामी तस्कर
घटनाक्रम के अनुसार, गत 5 अप्रैल को ANTF की टीम ने नाकाबंदी के दौरान एक बिना नम्बरी क्रेटा कार को रुकवाया। कार की तलाशी लेने पर उसमें से एक 12 बोर की बंदूक और 9 जिंदा राउंड बरामद हुए। मौके से पुलिस ने प्रहलाद गुर्जर निवासी मायरा घाटा और गिरधारी लाल गुर्जर को गिरफ्तार किया। प्रहलाद गुर्जर भीलवाड़ा जिले का 10 हजार रुपये का ईनामी बदमाश है, जिस पर राजस्थान और मध्य प्रदेश में तस्करी व मारपीट के दर्जनों मामले दर्ज हैं।
विवाद तब शुरू हुआ जब जब्ती की सूची तैयार की गई। कार्रवाई के दौरान ली गई तस्वीरों में आरोपी के पास साफ तौर पर 4 मोबाइल फोन दिखाई दे रहे थे। खुद ANTF की टीम ने शुरुआती जानकारी में 4 मोबाइल मिलने की बात कही थी। लेकिन जब मामला बस्सी थाने में दर्ज हुआ और मालखाने में जब्ती सौंपी गई, तो वहां केवल 2 मोबाइल ही पाए गए। जैसे ही यह मामला उच्चाधिकारियों तक पहुंचा, विभाग में खलबली मच गई।
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज
निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़