Explore

Search

April 26, 2026 9:54 pm

जिला अस्पताल में मोबाइल चोर गैंग सक्रिय: रामाश्रय वार्ड में आधी रात को मरीज और तीमारदार के 3 मोबाइल चोरी, वारदात सीसीटीवी में कैद

चित्तौड़गढ़, माय सर्कल न्यूज। जिला मुख्यालय स्थित राजकीय सामान्य चिकित्सालय इन दिनों इलाज से ज्यादा मोबाइल चोरी की वारदातों को लेकर चर्चा में है। अस्पताल में उपचार कराने आए मरीजों और उनके तीमारदारों के लिए अब बीमारी से बड़ा डर मोबाइल चोरों का गिरोह बन गया है। आलम यह है कि अस्पताल के वार्डों से शातिर चोर बड़ी ही सफाई से कीमती मोबाइल पार कर रहे हैं, और प्रशासन लाचार नजर आ रहा है। ताजा मामला जिला अस्पताल के रामाश्रय वार्ड का हैं। जहाँ दो दिन पहले आधी रात को एक शातिर चोर ने बड़ी सेंधमारी की। बम्बोरी निवासी अनोखी लाल रावल अपनी बीमार बेटी को अस्पताल में भर्ती कराकर उसकी देखभाल कर रहे थे। रात के सन्नाटे में जब अनोखी लाल और उनके दामाद की आँख लगी, तभी एक युवक वार्ड में दाखिल हुआ। चोर ने चार्जिंग पर लगे उनके दो मोबाइल और पास के ही एक अन्य मरीज का फोन चुरा लिया। जब उठ कर देखा तो मोबाइल गायब मिले। अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों ने चोर की पूरी करतूत को कैद किया है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि चोर वार्डों में घूमकर पहले रेकी करता है और फिर गहरी नींद का फायदा उठाकर पलक झपकते ही मोबाइल लेकर चंपत हो जाता है। हैरानी की बात यह है कि कैमरे में चेहरा कैद होने के बावजूद पुलिस अब तक इन बदमाशों तक नहीं पहुँच पाई है। जिला अस्पताल ही नहीं, बल्कि महिला एवं बाल चिकित्सालय में भी चोरी की वारदातें आम हो गई हैं। पीड़ितों का आरोप है कि पुलिस में मुकदमे तो दर्ज होते हैं, लेकिन न तो मोबाइल बरामद हो रहे हैं और न ही गिरोह के मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी हो रही है। इस ढुलमुल रवैये के कारण चोरों के हौसले बुलंद हैं। मरीजों का कहना है कि वे यहाँ बीमारी से लड़ने आते हैं, लेकिन चोरी की इन घटनाओं ने उन्हें मानसिक रूप से भी परेशान कर दिया है।

अस्पताल में मोबाइल चोरी की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। हमने पुलिस प्रशासन से विशेष आग्रह किया है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कड़ी कार्रवाई की जाए और गश्त बढ़ाई जाए ताकि मरीजों को सुरक्षित माहौल मिल सके।
-डॉ. दिनेश वैष्णव, पीएमओ, जिला अस्पताल

डेस्क/माय सर्कल न्यूज
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज

निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़

Leave a Comment

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर