चित्तौड़गढ़। प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित ग्राम रथ अभियान जिले में प्रभावी रूप से आगे बढ़ रहा है। बुधवार को चित्तौड़गढ़ जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों चित्तौड़गढ़, निंबाहेड़ा, बड़ी सादड़ी एवं बेगूं की विभिन्न ग्राम पंचायतों में ग्राम रथ पहुंचकर ग्रामीणों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा रथों को रवाना कर अभियान का शुभारंभ किया गया। नोडल अधिकारी एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद विनय पाठक ने बताया कि अभियान के तहत ग्राम रथ कारूण्डा, फाचर अहिरान, मिण्डाना, मण्डलाचारण, गुड़ाखेड़ा, सुखवाड़ा, पंचदेवला, कन्नौज, आतरी, नाहरगढ़, खोडीप, नन्नाणा, गरदाना, नपावली, खारखंदा, कांटी, बोरदा, बोलो का सावंता, पुठोली सहित आजोलिया का खेड़ा जैसे गांवों में पहुंचा। इन स्थलों पर ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की योजनाओं के बारे में सरल, सुलभ एवं प्रभावी तरीके से जानकारी प्रदान की गई।
अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान के माध्यम से कृषि, उद्यानिकी, कृषि विपणन, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य, सहकारिता, सिंचाई, उद्योग, ऊर्जा, राजस्व, पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास सहित 13 विभागों की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। साथ ही ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया, पात्रता एवं आवश्यक दस्तावेजों के बारे में भी विस्तारपूर्वक समझाया गया।
कार्यक्रमों में ग्राम पंचायत प्रशासकों, ग्राम विकास अधिकारियों, पटवारियों सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। लगभग छह हजार ग्रामीणों ने सहभागिता कर योजनाओं के प्रति गहरी रुचि दिखाई और जानकारी प्राप्त की।
प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में संचालित यह प्रदेशव्यापी ग्राम रथ अभियान ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने, पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने तथा समावेशी विकास को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है। यह अभियान सरकार और आमजन के बीच एक सशक्त सेतु बनकर उभर रहा है, जो विकास की रोशनी को हर गांव तक पहुंचा रहा है।
30 अप्रैल (गुरुवार) को जिले की सभी पांचों विधानसभा क्षेत्रों में ग्राम रथ अभियान का विस्तार किया जाएगा, जहां रथ गांव-गांव पहुंचकर आमजन को सरकार की योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान करेंगे।
Author: डेस्क/माय सर्कल न्यूज
निष्पक्ष और सच खबर~ आपके पास कोई ख़बर हो तो हमारे डेस्क के नम्बर 92140-30782 पर वीडियो, फोटो समेत ख़बर भेज सकते हैं। या हमें मेल करें- mycirclenews@gmail.com यूट्यूब पर सर्च करें- माय सर्कल न्यूज़